मुख्यमंत्री निवास में सुबह 11:30 बजे से शुरू होगी बैठक, विभागीय प्रस्तावों और विधायी कार्यों पर भी हो सकती है चर्चा
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 18 नवंबर को मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित की जाएगी। सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में सुबह 11:30 बजे से होने वाली इस बैठक में राज्य सरकार के महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श होगा। प्रमुख रूप से विधानसभा के आगामी शीतकालीन सत्र की तैयारियों और धान खरीदी व्यवस्था की समीक्षा चर्चा के केंद्र में रह सकती है। इसके साथ ही विभिन्न विभागों की ओर से प्रस्तुत किए जाने वाले प्रस्तावों पर भी मंत्रिपरिषद निर्णय ले सकती है।
छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र 14 दिसंबर से प्रस्तावित है। ऐसे में सत्र के सुचारू संचालन के लिए विधायी तैयारियों को लेकर बैठक में चर्चा होने की संभावना है। सदन में प्रस्तुत किए जाने वाले विधेयकों, सरकारी प्रस्तावों और विभागीय जवाबदेही से जुड़े विषयों पर भी विचार किया जा सकता है। प्रश्नकाल, ध्यानाकर्षण और अन्य संसदीय प्रक्रियाओं के लिए विभागों की तैयारियों को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए जा सकते हैं।
विभागीय प्रस्तावों पर भी नजर
बैठक में अलग-अलग विभागों से मिले प्रस्ताव मंत्रियों के समक्ष रखे जा सकते हैं। इनमें प्रशासनिक सुधार, नीतिगत फैसले और जनहित से जुड़े मुद्दे शामिल होने की संभावना है। हालांकि, बैठक का आधिकारिक एजेंडा अभी जारी नहीं हुआ है। ऐसे में मंत्रिपरिषद किन प्रस्तावों पर मुहर लगाती है, इस पर सभी की नजर रहेगी।