कोरबा की सरायपाली ओपन कास्ट खदान में निवेश और मुनाफे का दिया था भरोसा, KNS विनायक माइनिंग के डायरेक्टर पर धोखाधड़ी का केस दर्ज
राजधानी रायपुर में कोयला खनन कारोबार में मोटा मुनाफा कमाने का सपना दिखाकर एक कारोबारी से करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि खदान में साझेदार बनाने और निवेश की रकम पर अच्छा रिटर्न देने का भरोसा दिलाकर 4.55 करोड़ रुपए से अधिक वसूले गए। लंबे समय तक रकम और मुनाफे का हिसाब नहीं मिलने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। तेलीबांधा पुलिस ने कंपनी के डायरेक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रायपुर। कोयला खनन कारोबार में साझेदारी और बेहतर मुनाफे का लालच देकर एक कारोबारी से 4 करोड़ 55 लाख 25 हजार 296 रुपए की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में KNS विनायक माइनिंग के डायरेक्टर अमन नारायण सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, ऐश्वर्या रेसिडेंसी निवासी अक्षत राजन थ्री डायमंड इंडस्ट्रीज के संचालक हैं। कुछ समय पहले उनकी मुलाकात KNS विनायक माइनिंग के डायरेक्टर अमन नारायण सिंह से हुई थी। आरोप है कि अमन ने उन्हें कोरबा जिले के पाली क्षेत्र स्थित सरायपाली ओपन कास्ट कोल माइन में कारोबारी साझेदार बनाने का प्रस्ताव दिया। साथ ही निवेश की राशि के अनुरूप हिस्सेदारी और अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा भी दिलाया।
अलग-अलग बैंक खातों में जमा कराई रकम
प्रस्ताव पर विश्वास करते हुए अक्षत राजन ने आरोपी के अलग-अलग बैंक खातों में RTGS और NEFT के माध्यम से कुल 4,55,25,296 रुपए ट्रांसफर किए। इसके बाद वे खदान से जुड़े कामकाज में भी सक्रिय हो गए। वर्ष 2023-24 के दौरान उन्होंने खनन कार्य के लिए ईंधन, मशीनों के रखरखाव और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर भी अतिरिक्त खर्च किया।
हिसाब मांगने पर शुरू हुई टालमटोल
शिकायत के मुताबिक, निवेश के बाद जब कारोबारी ने अपनी मूल रकम और कारोबार से होने वाले मुनाफे का हिसाब मांगा तो आरोपी कथित तौर पर टालमटोल करने लगा। पिछले एक-दो वर्षों से लगातार राशि वापस मांगने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया। खदान के संचालन और लेन-देन से जुड़े खर्चों का भी स्पष्ट ब्योरा नहीं दिया गया। आखिरकार रकम लौटाने से इनकार कर दिया गया।
14 नवंबर को दर्ज कराई शिकायत
लगातार प्रयासों के बाद भी पैसा वापस नहीं मिलने पर कारोबारी ने 14 नवंबर को तेलीबांधा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी अमन नारायण सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 316 और 61 के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस अब बैंक खातों में हुए लेन-देन, निवेश से संबंधित दस्तावेजों और खदान के कारोबार से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।