श्री विराग कला संस्था की पहल पर पहली बार आयोजित हुई विराग कला बैठक, अनुभवी कलाकारों और युवा प्रतिभाओं को मिला मंच
राजिम। भारतीय शास्त्रीय संगीत और नृत्य की समृद्ध परंपरा को प्रोत्साहित करने तथा नई प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्री विराग कला संस्था की ओर से 12 नवंबर 2026 को राजिम में प्रथम श्री विराग कला बैठक का आयोजन किया गया। श्री विराग डांस अकादमी के माध्यम से आयोजित इस सांस्कृतिक आयोजन में संगीत और नृत्य की विविध प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शास्त्रीय संगीत गायक किशन देवांगन उपस्थित रहे।
कला बैठक में शास्त्रीय संगीत के साथ नृत्य की प्रस्तुतियों का भी सुंदर संगम देखने को मिला। संगीत सत्र में सुप्रिया जैन एवं रश्मि जैन ने राग यमन में सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद सुप्रिया जैन ने राग भूपाली में एकल गायन किया, जबकि आरोही जैन ने इसी राग में ख्याल गायन की प्रस्तुति दी। अवनी जैन, सान्वी जैन एवं तान्या जैन ने राग नटई में पुष्पांजलि प्रस्तुत कर नृत्य कला की सुंदर छटा बिखेरी। वहीं वान्या कसलीवाल ने मिश्र चापू ताल में पदम की भावपूर्ण प्रस्तुति से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
शास्त्रीय संगीत की साधना और रागों की बारीकियों को श्री हार्दिक गंगवाल ने राग केदार के माध्यम से प्रस्तुत किया। उन्होंने मध्यालय ख्याल के साथ हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की विशिष्टताओं से परिचित कराया। इसके बाद दादरा की प्रस्तुति ने संगीत संध्या को एक नया आयाम दिया।
कार्यक्रम में भरतनाट्यम कलाकार, नृत्यांगना, कोरियोग्राफर एवं गुरु नैनीका कसलीवाल ने दो अलग-अलग नृत्य शैलियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उन्होंने भजन ‘ठुमक चलत रामचंद्र’ पर भावपूर्ण अभिनय के जरिए भगवान श्रीराम के बाल स्वरूप को जीवंत किया। इसके बाद प्रस्तुत ऊर्जावान तिल्लाना में लयकारी, जटिल पद संचालन और तालबद्ध नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति देखने को मिली।
कार्यक्रम का संचालन मौसम जैन ने किया। उल्लेखनीय है कि श्री विराग डांस अकादमी की स्थापना नैनीका कसलीवाल ने की है। अकादमी का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय शास्त्रीय नृत्य का विधिवत प्रशिक्षण देने के साथ उन्हें मंचीय अनुभव और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से विराग कला बैठक की शुरुआत की गई है, ताकि युवा कलाकार अनुभवी कला साधकों से सीख सकें और अपनी कला को व्यापक पहचान दिला सकें।
प्रथम विराग कला बैठक भारतीय शास्त्रीय कलाओं के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुई। इस आयोजन ने परंपरागत कला विधाओं को नई पीढ़ी से जोड़ने के साथ कलाकारों के बीच संवाद, सहयोग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का अवसर भी प्रदान किया।