प्रदेशभर के घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, बिलासपुर के अरपा घाट पर रात ढाई बजे से जुटने लगी भीड़; चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन
लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ का सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ समापन हो गया। प्रदेशभर में सुबह से ही छठ घाटों पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। व्रती महिलाओं ने नदी और तालाबों में उतरकर विधि-विधान से सूर्यदेव की पूजा की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास भी पूरा हुआ।
रायपुर/ भिलाई। छत्तीसगढ़ में सोमवार सुबह छठ महापर्व के अंतिम दिन आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। तड़के से ही प्रदेश के नदी-तालाबों और छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर चार दिवसीय कठिन व्रत का पारण किया। प्रदेश में सबसे पहले रायगढ़ में सुबह 6:02 बजे सूर्योदय हुआ। इसके साथ ही व्रतियों ने सूर्यदेव को जल अर्पित कर पूजा-अर्चना की।
बिलासपुर के अरपा घाट पर श्रद्धालुओं की सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। यहां रात करीब ढाई बजे से ही व्रती परिवारों के साथ पहुंचने लगे थे। सुबह होते-होते करीब एक किलोमीटर लंबे घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा हो गई। घाट का ड्रोन वीडियो भी सामने आया, जिसमें दूर तक श्रद्धालुओं की मौजूदगी और पर्व की भव्यता दिखाई दी।

महादेव घाट पर रातभर गूंजे भक्ति गीत
राजधानी रायपुर के महादेव घाट पर छठ पर्व को लेकर पूरी रात उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा। घाट पर आतिशबाजी के बीच छठी मैया के भक्ति गीत गूंजते रहे। सुबह व्रतियों ने जल में खड़े होकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की मंगलकामना की।

अंबिकापुर के शंकर घाट पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। वहीं भिलाई के छावनी छठ घाट और रायगढ़ में केलो नदी सहित अन्य जलाशयों पर भी व्रतियों ने परंपरागत तरीके से सूर्य उपासना की।
अर्घ्य के साथ पूरी हुई चार दिन की साधना
नहाय-खाय से शुरू हुआ छठ महापर्व उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान व्रतियों ने कठिन नियमों और पूरी श्रद्धा के साथ पूजा की। अंतिम दिन सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के बाद 36 घंटे का निर्जला उपवास पूरा हुआ। घाटों पर पूजा के बाद प्रसाद वितरण किया गया और लोगों ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं।