दुर्ग पुलिस की चार थानों में कार्रवाई; खातों के साथ एटीएम, पासबुक, चेकबुक और सिम भी उपलब्ध कराते थे आरोपी
दुर्ग-भिलाई। साइबर ठगी की रकम को इधर-उधर पहुंचाने के लिए अपने बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले छह खाताधारकों को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी कमीशन के लालच में साइबर ठगों को बैंक खाते, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक और सिम कार्ड उपलब्ध कराते थे। इसके बदले उन्हें 5 हजार से 15 हजार रुपए तक मिलते थे। पुलिस जांच में सामने आया कि इन खातों के जरिए साइबर ठगी की रकम का लेन-देन किया जा रहा था।
कार्रवाई थाना सुपेला, पद्मनाभपुर, मोहन नगर और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने की। पुलिस ने बैंक खातों में हुए संदिग्ध लेन-देन की पड़ताल के साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर खाताधारकों की पहचान की। आरोपियों के कब्जे से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
एजेंटों के जरिए खाते कराते थे उपलब्ध
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी अपने साथ-साथ दूसरे लोगों के बैंक खाते भी एजेंटों के माध्यम से साइबर ठगों को उपलब्ध कराते थे। बैंक खाते देने के साथ उनसे जुड़े एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक और सिम कार्ड भी सौंप दिए जाते थे। इन खातों का उपयोग ठगी की रकम जमा करने और उसे दूसरे बैंक खातों में ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था।
चार मामलों की जांच में सामने आए नाम
पुलिस ने 17 नवंबर को अलग-अलग थानों में दर्ज चार मामलों की जांच के दौरान छह खाताधारकों के खिलाफ कार्रवाई की। सुपेला थाने के दो मामलों में तीन, पद्मनाभपुर के एक मामले में दो और मोहन नगर के एक मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
इन छह पर हुई कार्रवाई
सुपेला पुलिस ने आशीष कुमार साहू (38), निवासी इस्पात नगर रिसाली, नीतेश मसीह (36), निवासी पदुमनगर चरोदा और धरम राज तिवारी (51), निवासी मॉडल टाउन सुपेला को गिरफ्तार किया। पद्मनाभपुर पुलिस ने अमित मिश्रा (32), निवासी जवाहर नगर और गिरजा सिन्हा (23), निवासी शक्ति नगर को पकड़ा। मोहन नगर पुलिस ने रविन्द्र कुमार दिवान (42), निवासी ग्राम कादुल, जिला बालोद के खिलाफ कार्रवाई की है।
खाता देने वालों को पुलिस की चेतावनी
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने लोगों को चेताया है कि किसी भी व्यक्ति को कमीशन के बदले अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक या सिम कार्ड उपलब्ध न कराएं। ऐसे खातों का इस्तेमाल साइबर अपराध में होने पर खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई के घेरे में आ सकते हैं।