1 जुलाई से लागू होगी नई दर; जुलाई से अक्टूबर तक के एरियर का नकद भुगतान, वेतन पर्चियों में भी होगा संशोधन
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पदस्थ भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) समेत अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। अब अधिकारियों को 60 प्रतिशत के बजाय 63 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। राज्य शासन ने बढ़ी हुई दर लागू करने के संबंध में आदेश जारी कर दिया है। नई व्यवस्था 1 जुलाई 2026 से प्रभावी मानी जाएगी। इसके साथ ही जुलाई से अक्टूबर तक की बकाया राशि का भुगतान भी नकद किया जाएगा।
केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग ने 29 अक्टूबर 2026 को केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत वृद्धि की थी। इसी के अनुरूप अखिल भारतीय सेवाओं के महंगाई भत्ता नियम, 1972 के प्रावधानों के तहत छत्तीसगढ़ में कार्यरत अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों को भी संशोधित दर का लाभ मिलेगा।
चार महीने की बकाया राशि भी मिलेगी
बढ़ी हुई दर जुलाई 2026 से प्रभावी होने के कारण अधिकारियों को जुलाई, अगस्त, सितंबर और अक्टूबर की अवधि का एरियर भी दिया जाएगा। शासन के निर्देश के मुताबिक यह राशि नकद भुगतान के रूप में दी जाएगी। संबंधित अधिकारियों का वेतन जिस कार्यालय से निकाला गया था, वहीं से एरियर का भुगतान किया जाएगा।
वेतन पर्ची में भी होगा संशोधन
राज्य शासन ने संबंधित कार्यालयों को वेतन पर्चियों में आवश्यक संशोधन करने के निर्देश दिए हैं। नई दर के आधार पर महंगाई भत्ते का भुगतान किया जाएगा और पहले से किए गए भुगतान का समायोजन भी किया जाएगा। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी अधिकारी को निर्धारित राशि से अधिक भुगतान हो जाता है तो अतिरिक्त रकम की वसूली संबंधित अधिकारी से की जाएगी।