पांच पंज प्यारे करेंगे अगुवाई, बस्तर का आदिवासी नृत्य दल देगा प्रस्तुति; दोपहर 2 बजे स्टेशन रोड गुरुद्वारा से शुरू होगी यात्रा
सिख धर्म के प्रथम गुरु गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर राजधानी रायपुर में आज आस्था और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। स्टेशन रोड गुरुद्वारा से निकलने वाले नगर कीर्तन में हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे। इस बार 17 पालकियों के स्थान पर एक मुख्य पालकी निकाली जाएगी, जिसके आगे पांच पंज प्यारे चलकर यात्रा की अगुवाई करेंगे। नगर कीर्तन में बस्तर का आदिवासी नृत्य दल भी अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुति देगा।
रायपुर। गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व को लेकर राजधानी में धार्मिक उत्साह का माहौल है। शुक्रवार को स्टेशन रोड गुरुद्वारा से दोपहर 2 बजे नगर कीर्तन निकाला जाएगा। आयोजन में बड़ी संख्या में सिख समाज के लोगों के साथ अन्य श्रद्धालुओं के भी शामिल होने की संभावना है। नगर कीर्तन को व्यवस्थित और अनुशासित बनाने के लिए गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने इस बार विशेष तैयारियां की हैं।
स्टेशन रोड गुरुद्वारा के प्रमुख इंद्रजीत सिंह छाबड़ा ने बताया कि इस बार नगर कीर्तन में 17 अलग-अलग पालकियों के बजाय केवल एक मुख्य पालकी शामिल होगी। इसका उद्देश्य पूरी संगत को एक साथ जोड़ना और धार्मिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखना है। पालकी के आगे पांच गुरुद्वारों के पंज प्यारे चलेंगे और उनके पीछे श्रद्धालु सामूहिक रूप से शबद-कीर्तन करते हुए आगे बढ़ेंगे।
150 साल पुरानी परंपरा का होगा निर्वहन
स्टेशन रोड गुरुद्वारा से नगर कीर्तन निकालने की परंपरा करीब 150 वर्ष पुरानी है। प्रत्येक वर्ष गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर यह आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जाता है। इस बार भी आयोजन के माध्यम से सिख पंथ की 327 वर्ष पुरानी पंज प्यारे परंपरा को आगे बढ़ाया जाएगा।
धार्मिक मर्यादाओं के अनुरूप चुने गए पंज प्यारे
नगर कीर्तन की अगुवाई करने वाले पंज प्यारों का चयन निर्धारित धार्मिक मर्यादाओं के अनुसार किया गया है। इसके लिए अमृतधारी सिख होना, प्रतिदिन पांच बाणियों का पाठ करना और अनुशासित जीवनशैली का पालन करना आवश्यक है। इस बार हरिपाल सिंह ओबेरॉय, त्रिलोचन सिंह काले, लखवीर सिंह, सुखदेव सिंह और गुरजीत सिंह को पंज प्यारों के रूप में चुना गया है। यात्रा के दौरान जत्थेदार उनका मार्गदर्शन करेंगे।
बस्तर का आदिवासी दल बढ़ाएगा सांस्कृतिक रंग
इस बार नगर कीर्तन में बस्तर से आने वाला आदिवासी नृत्य दल विशेष आकर्षण रहेगा। दल के सदस्य पारंपरिक नृत्य के माध्यम से अपनी लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत करेंगे। धार्मिक आयोजन में सांस्कृतिक विविधता का यह समावेश लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा।
डीजे और आतिशबाजी पर प्रतिबंध
नगर कीर्तन को शांतिपूर्ण और धार्मिक वातावरण में संपन्न कराने के लिए आयोजकों ने कई नियम तय किए हैं। यात्रा में डीजे और तेज आवाज वाले साउंड सिस्टम का उपयोग नहीं किया जाएगा। केवल सामान्य माइक के माध्यम से गुरबाणी और शबद-कीर्तन का प्रसारण होगा। इसके अलावा बाइक रैली में स्टंट करने और आतिशबाजी करने पर भी प्रतिबंध रहेगा।
इन मार्गों से गुजरेगा नगर कीर्तन
यातायात पुलिस के अनुसार नगर कीर्तन दोपहर 2 बजे स्टेशन रोड गुरुद्वारा से प्रारंभ होगा। यहां से गुरु गोविंद सिंह चौक, फाफाडीह चौक, जेल रोड, शास्त्री चौक और घड़ी चौक होते हुए तेलीबांधा स्थित गुरुद्वारा धन-धन बाबा बूढ़ा साहिब पहुंचेगा। यात्रा के दौरान इन मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। ऐसे में वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
65 संगतों ने किया सहज पाठ, 110 बच्चों ने लिया हिस्सा
प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गत रविवार को स्टेशन रोड गुरुद्वारा में श्री सहज पाठ का आयोजन किया गया था। इसमें करीब 65 संगतों ने सहज पाठ की समाप्ति की। बच्चों के लिए शबद, कीर्तन और पाठ की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें लगभग 110 बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम के समापन पर बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद सामूहिक लंगर का आयोजन हुआ।
24 नवंबर को खालसा स्कूल में सजेगा मुख्य दीवान
प्रकाश पर्व का मुख्य धार्मिक आयोजन 24 नवंबर को खालसा स्कूल में होगा। सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक शबद, कीर्तन और पाठ का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें अमृतसर से आए प्रसिद्ध रागी जत्थे गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत करेंगे। रात 8 से 11 बजे तक विशेष दीवान सजेगा। कार्यक्रम के बाद संगत के लिए लंगर की व्यवस्था भी रहेगी।