एआईसीसी ने प्रभारी सचिवों की नई नियुक्ति की, देवेंद्र यादव समेत 25 नेताओं को मौजूदा दायित्वों से किया मुक्त; कोको पाढ़ी को ओडिशा और नरेश ठाकुर को गुजरात का प्रभार
कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक बदलाव करते हुए छत्तीसगढ़ में भी प्रभारी सचिवों की जिम्मेदारी बदल दी है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की ओर से जारी नई सूची में जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह को छत्तीसगढ़ का प्रभारी सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं, भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव समेत 25 नेताओं को उनकी वर्तमान संगठनात्मक जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया है। इस फेरबदल में छत्तीसगढ़ के कुछ नेताओं को दूसरे राज्यों में भी नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रायपुर। कांग्रेस संगठन को नई दिशा देने और विभिन्न राज्यों में पार्टी की गतिविधियों को मजबूत करने के उद्देश्य से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा बदलाव किया है। एआईसीसी ने 81 सचिवों की नियुक्ति और उनके कार्यक्षेत्र में बदलाव संबंधी सूची जारी की है। इस बदलाव का असर छत्तीसगढ़ कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे पर भी पड़ा है।
नई व्यवस्था के तहत जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह को छत्तीसगढ़ का प्रभारी सचिव बनाया गया है। अब दोनों नेता प्रदेश में संगठन से जुड़े कामकाज और पार्टी की गतिविधियों की जिम्मेदारी संभालेंगे। इससे पहले छत्तीसगढ़ के प्रभारी सचिव के रूप में विजय जांगिड और एसए संपत कुमार कार्यरत थे। वहीं, जरिता लैतफलांग को छत्तीसगढ़ के प्रभार से हटाकर पूर्वोत्तर राज्यों की जिम्मेदारी दी गई है।



छत्तीसगढ़ के नेताओं को दूसरे राज्यों में भी जिम्मेदारी
संगठनात्मक बदलाव में छत्तीसगढ़ के नेताओं को अन्य राज्यों में भी महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं। प्रदेश कांग्रेस के नेता कोको पाढ़ी को ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रभारी सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं, नरेश ठाकुर को गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी की जिम्मेदारी दी गई है। इस तरह प्रदेश के चार नेताओं को अलग-अलग राज्यों में संगठनात्मक भूमिका निभाने का अवसर मिला है।
देवेंद्र यादव समेत 25 नेताओं की जिम्मेदारी बदली
इस फेरबदल के तहत भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव को एआईसीसी सचिव के पद पर मिली मौजूदा जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। वे गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी सचिव के रूप में कार्य कर रहे थे। उनके अलावा विजय जांगिड और एसए संपत कुमार सहित कुल 25 सचिवों एवं संयुक्त सचिवों को भी उनके वर्तमान दायित्वों से हटाया गया है।
कई राज्यों और विभागों में नई नियुक्तियां
एआईसीसी की ओर से जारी सूची में मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पंजाब, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, असम, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारियों का पुनर्निर्धारण किया गया है। इसके साथ ही संचार, प्रचार-प्रसार, मीडिया, सोशल मीडिया और डिजिटल मीडिया विभागों में भी पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
कांग्रेस महासचिव एवं सांसद केसी वेणुगोपाल ने इस संबंध में आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी की है। पार्टी के अनुसार सभी नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।