जांच में आईसीयू में पंजीकृत एमबीबीएस डॉक्टर नहीं मिला, तीन मरीज पोर्टल पर दर्ज होने के बावजूद अस्पताल में नहीं मिले; खैरागढ़ में अवैध अस्पताल चलाने का भी खुलासा
आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज और क्लेम में अनियमितता के आरोपों को लेकर दुर्ग के पद्मनाभपुर स्थित वीवाई अस्पताल की जांच रिपोर्ट कलेक्टर को सौंप दी गई है। 16 नवंबर को हुई जांच में अधिकारियों ने अस्पताल में कुल 8 खामियां दर्ज की हैं। रिपोर्ट में आयुष्मान योजना के नियमों के साथ नर्सिंग होम एक्ट के प्रावधानों के उल्लंघन की बात सामने आई है। वहीं, खैरागढ़ में भी अस्पताल संचालित करने और मरीज को वहां भर्ती दिखाकर दुर्ग के अस्पताल से इलाज का क्लेम बनाने का मामला सामने आया है।
भिलाई। जांच अधिकारियों के अनुसार अस्पताल के आईसीयू में कोई पंजीकृत एमबीबीएस डॉक्टर मौजूद नहीं था। वार्ड में महिला और पुरुष मरीजों को एक साथ भर्ती किया गया था। डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की ड्यूटी का रोस्टर भी उपलब्ध नहीं मिला। आयुष्मान पोर्टल पर दर्ज 17 मरीजों की जांच के दौरान तीन मरीज कुंती बाई, सुनीता साहू और दीवान सिंह अस्पताल में नहीं मिले।
मरीजों की भर्ती से संबंधित फाइलों में वाई डायग्नोसिस सेंटर एंड पैथोलॉजी लैबोरेटरी की रिपोर्ट संलग्न थी, जबकि अस्पताल में इस नाम की कोई लैब संचालित नहीं मिली। मरीजों से पूछताछ में उनके बताए लक्षण और मेडिकल फाइल में दर्ज बीमारी के विवरण में भी अंतर पाया गया। रिपोर्ट में आईसीयू में भर्ती सुनीता का सीजर डॉ. विनीता ध्रुवे द्वारा किए जाने का उल्लेख भी किया गया है।
खैरागढ़ में एसएस अस्पताल संचालन का मामला
राजनांदगांव निवासी रोहित की शिकायत पर खैरागढ़ के सीएमएचओ कार्यालय ने चार सदस्यीय टीम से जांच कराई थी। जांच में सामने आया कि वीवाई अस्पताल के संचालक डॉ. विश्वनाथ यादव द्वारा खैरागढ़ के ठेलकाडीह में एसएस अस्पताल के नाम से अस्पताल संचालित किया जा रहा था। आरोप है कि रोहित को वास्तविक रूप से एसएस अस्पताल में भर्ती किया गया, जबकि उसके इलाज की अवधि 12 से 20 अक्टूबर तक वीवाई अस्पताल, दुर्ग में दर्शाई गई।
जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खैरागढ़ के अस्पताल को बंद करा दिया गया है। दुर्ग स्थित वीवाई अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई के लिए जांच प्रतिवेदन कलेक्टर और सीएमएचओ दुर्ग को भेजा गया है।
गांवों में शिविर लगाकर मुफ्त इलाज का भरोसा
16 नवंबर को वीवाई अस्पताल में प्रशासन की जांच के दौरान बालोद और अंबिकापुर के कई मरीज मिले थे। बालोद जिले के तिर्खेदी गांव के कन्हैया, हरि राव सहित चार मरीजों ने बताया कि एक दिन पहले उनके गांव में राजनांदगांव के अपेक्स अस्पताल के नाम से स्वास्थ्य शिविर लगाया गया था। शिविर में कमर, पैर और घुटने के दर्द की शिकायत करने पर उन्हें दुर्ग के वीवाई अस्पताल में मुफ्त इलाज कराने का भरोसा दिया गया। मरीजों ने शिविर में मिली अपेक्स अस्पताल की पर्चियां भी जांच अधिकारियों को दिखाई थीं।
रोहित का आरोप: वीवाई अस्पताल कभी गया ही नहीं
राजनांदगांव जिले के बासुला निवासी रोहित कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि वह 14 अक्टूबर 2026 को थकान और पीठ दर्द की परेशानी लेकर ठेलकाडीह के एसएस अस्पताल गया था। वहां आयुष्मान कार्ड से उसे भर्ती किया गया। तबीयत में सुधार होने पर उसने घर जाने की इच्छा जताई, जिसके बाद उसे घर से अस्पताल आने-जाने की अनुमति दी गई। चार दिन बाद उससे अंगूठा लगवाकर डिस्चार्ज किया गया और वीवाई अस्पताल के नाम की पर्ची दी गई।
रोहित का दावा है कि वह कभी दुर्ग स्थित वीवाई अस्पताल गया ही नहीं, लेकिन दस्तावेजों में उसे वहां 14 से 20 अक्टूबर तक भर्ती दिखाया गया और सीवियर सेप्सिस का उपचार दर्ज किया गया। मामले में अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।