40 उम्मीदवारों का कॉलेज और कोर्स अपग्रेड, 25 से 30 नवंबर तक दस्तावेजों का सत्यापन; खाली सीटों के लिए होगा मॉपअप राउंड
मेडिकल पीजी में प्रवेश का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए दूसरी काउंसिलिंग के नतीजे जारी कर दिए गए हैं। एमडी-एमएस पाठ्यक्रमों की इस सूची में कुल 299 अभ्यर्थियों को मेडिकल कॉलेजों में सीट आवंटित की गई है। इनमें 40 उम्मीदवारों को पहले राउंड की तुलना में बेहतर विकल्प मिला है। चयनित अभ्यर्थियों को 25 से 30 नवंबर के बीच दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
रायपुर। प्रदेश में मेडिकल पीजी की प्रवेश प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। एमडी-एमएस पाठ्यक्रमों की दूसरी काउंसिलिंग सूची जारी होने के साथ ही 299 अभ्यर्थियों को सीटों का आवंटन किया गया है। इनमें 40 उम्मीदवारों की सीट अपग्रेड हुई है। यानी पहले चरण में आवंटित कॉलेज या पाठ्यक्रम की तुलना में उन्हें अपनी पसंद के बेहतर विकल्प में प्रवेश का अवसर मिला है।
दूसरे राउंड की काउंसिलिंग में 97 अतिरिक्त सीटें भी शामिल की गई हैं। ये सीटें पहले चरण की काउंसिलिंग के दौरान स्वीकृत हुई थीं। नई सीटें उपलब्ध होने के बाद आरक्षण रोस्टर के अनुसार कोटा निर्धारित किया गया। इसके बाद अभ्यर्थियों का पंजीयन और च्वाइस फिलिंग की प्रक्रिया पूरी कर रविवार को सीट आवंटन सूची जारी की गई। इसमें पहले राउंड में खाली रह गई सीटों को भी शामिल किया गया है।
30 नवंबर तक पूरी करनी होगी प्रवेश प्रक्रिया
दूसरे चरण में सीट प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को 25 से 30 नवंबर तक संबंधित प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इस अवधि में दस्तावेजों का सत्यापन, स्क्रूटनी और प्रवेश की औपचारिकताएं पूरी करना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय में प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर प्रवेश प्रभावित हो सकता है।
खाली सीटों के लिए मॉपअप राउंड
दूसरे चरण के प्रवेश पूरे होने के बाद यदि कुछ सीटें रिक्त रह जाती हैं तो उनके लिए मॉपअप राउंड आयोजित किया जाएगा। इस बार पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में पैलिएटिव केयर के नए पाठ्यक्रम को भी स्वीकृति मिली है। इससे मेडिकल पीजी में एक नया विकल्प उपलब्ध हुआ है।
नर्सिंग पाठ्यक्रमों की मेरिट सूची भी जारी
इधर, नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए भी नई मेरिट सूची जारी की गई है। भारतीय नर्सिंग परिषद (आईएनसी) की ओर से प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाए जाने के बाद नए पंजीयन किए गए थे। इनके आधार पर अभ्यर्थियों की मेरिट सूची तैयार की गई है।
बीएससी नर्सिंग के लिए 3,840, पोस्ट बेसिक नर्सिंग के लिए 197 और डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक पाठ्यक्रम के लिए तीन अभ्यर्थियों की सूची जारी हुई है। वहीं, एमएससी नर्सिंग के लिए लगभग 300 उम्मीदवारों की मेरिट सूची प्रकाशित की गई है।