तूफान और बारिश से फसल नुकसान के बीच बढ़ी परेशानी, कांग्रेस ने जांच और मुआवजे की मांग कर दी आंदोलन की चेतावनी
प्राकृतिक आपदा से धान की फसल को हुए नुकसान के बाद अब किसान फसल बीमा क्लेम के लिए भी परेशान हो रहे हैं। दुर्ग जिले की ढौर सोसायटी के किसानों ने आरोप लगाया है कि समिति से उन्हें जो बीमा पॉलिसी नंबर दिया गया, वह गलत निकला। इसके चलते क्लेम की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए किसानों को राहत देने की मांग की है।
दुर्ग-भिलाई। अर्णव और मुरासु तूफान के बाद अब अकवान चक्रवात के प्रभाव से हो रही बारिश ने किसानों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। खेतों में खड़ी और कटाई के बाद रखी धान की फसल को नुकसान पहुंच रहा है। बारिश के कारण धान खरीदी की व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। इस बीच फसल बीमा पॉलिसी नंबर में गड़बड़ी का मामला सामने आने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।
ढौर सोसायटी के किसान राजेन्द्र यादव, डोमार यादव, तननु यादव, संतराम यादव, विजय यादव और शिशुपाल यादव ने जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण के अध्यक्ष राकेश ठाकुर के सामने अपनी समस्या रखी। किसानों ने बताया कि तूफान और बारिश से फसल को नुकसान पहुंचने के बाद वे बीमा क्लेम की प्रक्रिया की जानकारी लेने सोसायटी पहुंचे थे। वहां उन्हें बीमा पॉलिसी नंबर उपलब्ध कराया गया, लेकिन मुख्यमंत्री के टोल फ्री नंबर पर इसकी पुष्टि कराने पर नंबर गलत बताया गया।
किसानों का कहना है कि पॉलिसी नंबर में त्रुटि के कारण वे बीमा क्लेम के लिए आगे की प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रहे हैं। एक ओर प्राकृतिक आपदा से फसल प्रभावित हुई है, वहीं दूसरी ओर बीमा संबंधी जानकारी में गड़बड़ी के चलते राहत मिलने में भी बाधा आ रही है।
राकेश ठाकुर ने सरकार को घेरा
जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने इस मामले को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि किसान पहले ही फसल नुकसान से परेशान हैं। ऐसे में सोसायटी से मिले बीमा पॉलिसी नंबर का गलत निकलना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसान हितैषी होने का दावा तो करती है, लेकिन प्रभावित किसानों को समय पर राहत नहीं मिल पा रही है।
ठाकुर के मुताबिक, अर्णव और मुरासु तूफान से फसलों को हुए नुकसान का अब तक समुचित आकलन नहीं कराया गया है। किसान मुआवजे की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इसी बीच अकवान चक्रवात की बारिश ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
उन्होंने ढौर सोसायटी सहित जिले के सभी प्रभावित किसानों के बीमा पॉलिसी नंबरों की जांच कर त्रुटियां दूर करने की मांग की है। साथ ही खराब फसलों का जल्द सर्वे कराकर मुआवजा और बीमा राशि दिलाने की बात कही है। बारिश से प्रभावित धान खरीदी केंद्रों में व्यवस्था सुधारने, नए टोकन की जानकारी देने और खुले में रखे धान को सुरक्षित रखने की मांग भी की गई है।
समाधान नहीं तो किसानों के साथ आंदोलन
राकेश ठाकुर ने चेतावनी दी है कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया और बीमा क्लेम की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई तो कांग्रेस किसानों के साथ मिलकर आंदोलन करेगी।