डिप्टी सीएम अरुण साव ने 20 करोड़ के कार्यों का किया भूमिपूजन-लोकार्पण, मानस भवन के लिए 2 करोड़ देने की घोषणा; पार्षदों को जिताने मांगा समर्थन
दिसंबर में प्रस्तावित नगर पालिका चुनाव से पहले जामुल में भाजपा ने अपनी चुनावी सक्रियता बढ़ा दी है। रविवार को उप मुख्यमंत्री अरुण साव की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगरवासी और पार्टी कार्यकर्ता जुटे। इस दौरान 20 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया। साव ने मानस भवन निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए देने की घोषणा करते हुए कार्यकर्ताओं से निकाय चुनाव में अधिक से अधिक भाजपा पार्षदों को जिताने का आह्वान किया।
दुर्ग-भिलाई। जामुल नगर पालिका क्षेत्र में आगामी निकाय चुनाव को देखते हुए भाजपा ने विकास कार्यों के जरिए अपनी चुनावी तैयारियों को गति देना शुरू कर दिया है। रविवार को उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। करीब 20 करोड़ रुपए के कार्यों की सौगात के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए। महिलाओं की भी अच्छी भागीदारी रही।
इस अवसर पर साव ने मानस भवन के निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए देने की घोषणा की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को अगले दिन से निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद जामुल में अब तक 54 करोड़ 26 लाख रुपए के विकास कार्य स्वीकृत और कराए जा चुके हैं। इनमें सड़क, नाली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।
पार्षदों की जीत को बताया जरूरी
आगामी दिसंबर में होने वाले नगर पालिका चुनाव को लेकर अरुण साव ने कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि निकाय व्यवस्था में पार्षदों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है और पार्षदों के माध्यम से ही अध्यक्ष का निर्वाचन होता है। इसलिए भाजपा के अधिक से अधिक पार्षदों को जीत दिलाना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार के विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने और इसी आधार पर चुनाव मैदान में उतरने की अपील की।
प्रधानमंत्री की अपील को बताया जनहित में
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोना खरीदने को लेकर की गई अपील पर भी साव ने समर्थन जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देशवासियों से जो भी आग्रह करते हैं, उसके पीछे व्यापक जनहित की भावना होती है। सोना खरीदने को लेकर उनकी अपील भी देशहित में थी और इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
शहरों को बेहतर बनाने पर सरकार का जोर
साव ने कहा कि प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। शहरों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि नगरीय क्षेत्रों में हो रहे प्रयासों का परिणाम राष्ट्रीय स्तर पर मिल रहे पुरस्कारों के रूप में दिखाई दे रहा है।
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
राजनीतिक संबोधन के दौरान साव ने कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में रहते हुए कांग्रेस ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए संविधान को नुकसान पहुंचाया और अब सत्ता से बाहर होने के बाद संविधान की बात कर रही है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने और देश में भ्रम एवं अराजकता का माहौल बनाने का आरोप लगाया।