सुपेला पुलिस ने जुलाई में दर्ज मामले में की कार्रवाई, 8.85 ग्राम हेरोइन और कार समेत 9.94 लाख रुपए का मशरूका पहले ही हो चुका था जब्त
भिलाई। कोसानगर-गांधीनगर इलाके में हेरोइन (चिट्टा) बेचने के लिए ग्राहक तलाशने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को सुपेला पुलिस ने मध्यप्रदेश के मंडला से गिरफ्तार किया है। करीब चार महीने से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहे 25 वर्षीय वैभव सोनी को पुलिस टीम ने तकनीकी जानकारी और लगातार की जा रही पतासाजी के आधार पर दबोचा। आरोपी को दुर्ग लाने के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर 24 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
लाल कार में घूमकर तलाश रहे थे ग्राहक
पुलिस के मुताबिक 18 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग लाल रंग की कार में प्रतिबंधित मादक पदार्थ लेकर कोसानगर-गांधीनगर क्षेत्र में घूम रहे हैं और उसे बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस ने टीम बनाकर इलाके में घेराबंदी की। मौके से मोहम्मद इम्तियात उर्फ सरफराज और मोहम्मद फैजान को पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान दोनों के पास से 8.85 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), दो मोबाइल फोन और लाल रंग की कार क्रमांक CG 07 CV 3587 बरामद की गई। जब्त सामग्री और वाहन की कुल कीमत करीब 9 लाख 94 हजार रुपए आंकी गई थी।
दो गिरफ्तार हुए, तीसरा हो गया था फरार
मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस वैभव सोनी की तलाश में जुटी थी। वह घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों के साथ तकनीकी माध्यमों से भी जानकारी जुटाई। इसी दौरान उसके मंडला में होने का इनपुट मिला।
सूचना की पुष्टि के बाद सुपेला पुलिस की टीम मंडला पहुंची और दबिश देकर वैभव सोनी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी हाउसिंग बोर्ड जामुल, जिला दुर्ग का निवासी है। पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
9.94 लाख रुपए का मशरूका जब्त
पुलिस की पूर्व कार्रवाई में 2.65 ग्राम हेरोइन की कीमत करीब 53 हजार रुपए तथा 6.20 ग्राम हेरोइन की कीमत करीब 1 लाख 24 हजार रुपए आंकी गई थी। इसके अलावा रियलमी मोबाइल करीब 7 हजार रुपए, मोटोरोला मोबाइल करीब 10 हजार रुपए और घटना में इस्तेमाल लाल रंग की कार करीब 8 लाख रुपए की बताई गई थी। इस तरह कुल 9 लाख 94 हजार रुपए का मशरूका जब्त किया गया।
NDPS एक्ट में दर्ज है मामला
थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1018/2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 8 और 21 में प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले में पहले मोहम्मद इम्तियात उर्फ सरफराज और मोहम्मद फैजान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। वैभव सोनी की गिरफ्तारी के साथ प्रकरण में नामजद तीनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई पूरी हो गई है।