पेंड्रा और अंबिकापुर में सुबह घने कोहरे का असर, रायपुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक; प्रदेश के अन्य हिस्सों में फिलहाल राहत
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। प्रदेश के उत्तरी इलाकों में ठंड का प्रभाव बढ़ने के साथ अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जाने का अनुमान है। पेंड्रा और अंबिकापुर में सुबह कोहरे और धुंध के कारण दृश्यता प्रभावित हो रही है। दूसरी ओर राजधानी रायपुर में रात का तापमान अभी सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में अगले पांच दिनों तक तापमान में विशेष बदलाव के आसार नहीं हैं।
प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में सर्दी ने धीरे-धीरे दस्तक तेज कर दी है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों के दौरान सरगुजा संभाग सहित उत्तरी छत्तीसगढ़ के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट हो सकती है। इससे रात और सुबह के समय ठंड का असर बढ़ने की संभावना है।
सोमवार को प्रदेशभर में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा। मंगलवार से अगले तीन दिनों तक भी मौसम साफ और शुष्क बने रहने का अनुमान है। हालांकि कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश दर्ज की गई है।
पेंड्रा में कोहरे से दृश्यता प्रभावित
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में मौसम साफ होने के बावजूद सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता कम हो गई। वाहन चालकों को फॉग लाइट जलाकर आवागमन करना पड़ा। अंबिकापुर की सड़कों पर भी सुबह धुंध का असर दिखाई दिया। सरगुजा क्षेत्र में तापमान में संभावित गिरावट को देखते हुए आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने के संकेत हैं।
रायपुर में सामान्य से ज्यादा रहा रात का तापमान
राजधानी रायपुर में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक है। अंबिकापुर में रात का तापमान 18 डिग्री रहा, जो सामान्य से 6.3 डिग्री ज्यादा दर्ज हुआ। बिलासपुर में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री रहा।
प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान के मामले में जगदलपुर 31.6 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा।
जिलों में ऐसा रहा न्यूनतम तापमान
23 नवंबर को प्रदेश के विभिन्न जिलों में न्यूनतम तापमान 16.6 से 20.5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। गरियाबंद में सबसे अधिक 20.5 डिग्री रहा। रायपुर में 20.4, बालोद और बलरामपुर में 20.1, बिलासपुर में 20, कोरबा में 19.8, राजनांदगांव और सूरजपुर में 19.5, कबीरधाम में 19.3, पेमेतरा में 19, मुंगेली में 18.6, दुर्ग में 18.2, सक्ती और सरगुजा में 18 तथा गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 17.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
अगले 24 घंटे मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में कोई प्रभावी मौसमी सिस्टम सक्रिय नहीं है। अगले 24 घंटे तक बारिश की संभावना नहीं है और मौसम शुष्क बना रह सकता है। राजधानी रायपुर में 24 नवंबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।