134.87 करोड़ की पेयजल योजना को मंजूरी, 40 वार्डों में स्ट्रीट लाइट और दो मुक्तिधामों के उन्नयन की घोषणा; विरोध की तैयारी कर रहे NSUI पदाधिकारी डिटेन
दुर्ग-भिलाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को दुर्ग जिले के दौरे के दौरान रिसाली नगर निगम क्षेत्र को करीब 137 करोड़ रुपए की नई विकास सौगात दी। इनमें 134.87 करोड़ रुपए की वृहद पेयजल योजना सबसे बड़ी घोषणा रही। इसके साथ ही निगम के सभी 40 वार्डों में स्ट्रीट लाइट लगाने और नेवई व जोरातराई के मुक्तिधामों के उन्नयन की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने जिले में 402 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाले 362 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन भी किया। वहीं, दौरे के विरोध की तैयारी कर रहे NSUI पदाधिकारियों को पुलिस ने एहतियातन डिटेन कर लिया।
रिसाली में विकास कार्यों को मिली रफ्तार
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रिसाली क्षेत्र में सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई कार्यों को गति दी जा रही है। नई वृहद पेयजल योजना पूरी होने के बाद निगम के सभी क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने विकास कार्यों के लिए रिसालीवासियों को बधाई दी और कहा कि इन परियोजनाओं का सीधा लाभ स्थानीय नागरिकों को मिलेगा।
चार प्रमुख घोषणाओं में पेयजल योजना सबसे बड़ी
रिसाली नगर निगम के लिए मुख्यमंत्री ने चार नई घोषणाएं कीं। इनमें 134 करोड़ 87 लाख रुपए की वृहद पेयजल योजना, वार्ड 1 से 40 तक स्ट्रीट लाइट के लिए 2 करोड़ रुपए तथा नेवई और जोरातराई स्थित मुक्तिधामों के उन्नयन के लिए 50-50 लाख रुपए शामिल हैं। चारों घोषणाओं की कुल राशि करीब 137 करोड़ रुपए है।
जिले में 362 कामों पर 402 करोड़ से ज्यादा खर्च
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान जिले में 40,212.70 लाख रुपए की लागत वाले 362 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया जा रहा है। इनमें 11,858.75 लाख रुपए की लागत के 39 पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण तथा 28,353.95 लाख रुपए की लागत वाले 323 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

भिलाई नगर निगम क्षेत्र में 23 कार्यों का लोकार्पण और 182 कार्यों का भूमिपूजन, जबकि भिलाई-चरोदा नगर निगम क्षेत्र में 11 कार्यों का लोकार्पण और 97 कार्यों का भूमिपूजन प्रस्तावित है। रिसाली में 2 कार्यों का लोकार्पण और 22 कार्यों का भूमिपूजन होगा। अहिवारा नगर पालिका सहित अन्य विभागों के विकास कार्य भी इस कार्यक्रम में शामिल हैं।
दुर्ग, बालोद और बेमेतरा के लिए साइबर थाना
मुख्यमंत्री ने महिला थाना सेक्टर-6 भिलाई के समीप करीब 35 लाख रुपए की लागत से तैयार नवीन रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन भवन का लोकार्पण किया। साथ ही रुआबांधा पुलिस चौकी का उद्घाटन किया गया। नया साइबर थाना दुर्ग, बालोद और बेमेतरा जिलों में साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों और जटिल मामलों की जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट और सोशल मीडिया अपराधों के मामलों में डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण की सुविधा भी यहां उपलब्ध होगी।
खुर्सीपार में विरोध से पहले NSUI पदाधिकारी डिटेन
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान NSUI ने विरोध प्रदर्शन की तैयारी की थी। प्रदेश महासचिव आकाश कनौजिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने खुर्सीपार चौक पर मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने की योजना बनाई थी। विरोध की आशंका को देखते हुए पुलिस ने NSUI के कई पदाधिकारियों को डिटेन कर लिया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने एक दिन पहले ही सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। कलेक्टर अभिजीत सिंह, दुर्ग एसएसपी और निगम अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया था।