रविवार और दूसरे-चौथे शनिवार की छुट्टियों के अलावा अलग-अलग राज्यों में 11 दिन नहीं होगा बैंकिंग कामकाज; ऑनलाइन सेवाएं रहेंगी चालू
साल के आखिरी महीने दिसंबर में बैंक से जुड़ा काम करने वालों को छुट्टियों का कैलेंडर देखकर योजना बनानी होगी। महीने में रविवार और दूसरे-चौथे शनिवार सहित कुल 17 दिन बैंक बंद रहेंगे। हालांकि, छुट्टियों के दौरान भी ऑनलाइन बैंकिंग और एटीएम की सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
नई दिल्ली (ए)। दिसंबर 2026 में बैंकिंग कामकाज पर छुट्टियों का असर देखने को मिलेगा। महीने के दौरान देश के अलग-अलग राज्यों और शहरों में कुल 17 दिन बैंक बंद रहेंगे। इनमें 4 रविवार, 2 शनिवार और विभिन्न क्षेत्रों के 11 स्थानीय एवं त्योहार संबंधी अवकाश शामिल हैं। ऐसे में ग्राहकों को सलाह है कि बैंक शाखा से जुड़े जरूरी काम पहले ही निपटा लें, ताकि छुट्टियों के कारण परेशानी न हो।
इन दो शनिवार को देशभर में रहेगी छुट्टी
दिसंबर में 12 तारीख को महीने का दूसरा शनिवार और 26 दिसंबर को चौथा शनिवार होने के कारण देशभर के बैंक बंद रहेंगे। इसके अलावा महीने के सभी रविवार को भी नियमित साप्ताहिक अवकाश रहेगा।
डिजिटल सेवाओं से जारी रहेंगे काम
बैंक शाखाएं बंद रहने के बावजूद ग्राहकों को ऑनलाइन बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और एटीएम की सुविधाएं मिलती रहेंगी। इनके माध्यम से पैसे का लेनदेन, बैलेंस चेक और कई अन्य बैंकिंग कार्य किए जा सकेंगे। हालांकि, शाखा में जाकर किए जाने वाले कामों के लिए छुट्टियों का ध्यान रखना जरूरी होगा।
दिसंबर में 9 दिन बंद रहेगा शेयर बाजार
दिसंबर 2026 में शेयर बाजार में भी कुल 9 दिन कारोबार नहीं होगा। इनमें 8 शनिवार और रविवार शामिल हैं। इसके अलावा 25 दिसंबर को क्रिसमस के अवसर पर भी शेयर बाजार में कारोबार बंद रहेगा।