सोनिया, राहुल और ममता बनर्जी चेन्नई पहुंचे, रात में मुंबई में पवार से होगी मुलाकात; सपा ने बिल के खिलाफ जारी किया व्हिप
लोकसभा सीटों के परिसीमन को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। प्रस्तावित बिल पर समर्थन जुटाने में जुटी सरकार के बीच विपक्षी दलों ने भी अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। कांग्रेस समेत INDIA ब्लॉक के वरिष्ठ नेता डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन और एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार को अपने पक्ष में लाने के प्रयास में जुटे हैं।
नई दिल्ली (ए)। परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी खेमे में बैठकों और राजनीतिक संपर्कों का दौर शुरू हो गया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सहित INDIA ब्लॉक के कई प्रमुख नेता स्टालिन से मुलाकात करने चेन्नई पहुंचे हैं। यहां चर्चा के बाद सभी नेताओं का मुंबई जाकर शरद पवार से मिलने का कार्यक्रम है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर चेन्नई रवाना होने की जानकारी साझा करते हुए कहा कि लोकसभा सीटों की संख्या 850 तक बढ़ाने से देश के लोकतांत्रिक ढांचे पर असर पड़ सकता है। इस पर स्टालिन ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी पार्टी हमेशा तमिलनाडु के हितों को प्राथमिकता देती रही है और इस मामले में भी राज्य के हितों से समझौता नहीं किया जाएगा।
गौरतलब है कि डीएमके ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर परिसीमन विधेयक को समर्थन देने की घोषणा की थी। इसी तरह एनसीपी (एसपी) की ओर से भी शरद पवार के बिल के पक्ष में होने की बात सामने आई थी। ऐसे में कांग्रेस और उसके सहयोगी दल इन दोनों नेताओं से चर्चा कर विपक्ष की साझा रणनीति तैयार करना चाहते हैं।
सपा ने विरोध में जारी किया व्हिप
दूसरी ओर समाजवादी पार्टी ने परिसीमन विधेयक का विरोध करने का फैसला किया है। पार्टी ने अपने सभी लोकसभा सांसदों को व्हिप जारी कर सदन में चर्चा के दौरान अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने और विधेयक के खिलाफ मतदान करने के निर्देश दिए हैं। लोकसभा में सपा के 37 सांसद हैं।
चिदंबरम ने बताया बड़ा राजनीतिक बदलाव
कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने प्रस्तावित परिसीमन को सामान्य प्रशासनिक बदलाव मानने से इनकार किया है। उनका कहना है कि लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर 815 करने के बाद परिसीमन आयोग को निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में व्यापक बदलाव का अधिकार मिल जाएगा। यह महज सीटों का समायोजन नहीं, बल्कि चुनावी व्यवस्था में बड़ा परिवर्तन होगा।
विपक्षी बैठक में कई बड़े चेहरे शामिल
चेन्नई और मुंबई में होने वाली इन बैठकों में कांग्रेस के तीन मुख्यमंत्री भी शामिल हैं। इनमें तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार सहित अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हैं। इनके अलावा टीएमसी के अभिषेक बनर्जी, माकपा के एमए बेबी, वी.डी. सतीशन, राजीव राय, कपिल सिब्बल और प्रणव झा भी विपक्षी नेताओं के साथ मौजूद रहेंगे।