बलरामपुर 8.4 डिग्री के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा, मौसम विभाग का अनुमान अगले पांच दिन तापमान में नहीं होगा खास बदलाव
छत्तीसगढ़ में ठंड का प्रभाव लगातार बना हुआ है। खासकर उत्तरी जिलों में रात के तापमान में गिरावट से ठिठुरन बढ़ गई है। प्रदेश के चार जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक आगामी पांच दिनों तक मौसम में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है।
रायपुर। प्रदेश में सर्दी का असर अब उत्तरी इलाकों में ज्यादा महसूस होने लगा है। बलरामपुर में न्यूनतम तापमान गिरकर 8.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं सरगुजा में 8.5 डिग्री, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 9.8 डिग्री और सूरजपुर में 9.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इन चारों जिलों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अगले पांच दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में ठंड का मौजूदा प्रभाव बने रहने का अनुमान है।
रायपुर में 15 डिग्री रहा न्यूनतम तापमान
राजधानी रायपुर में रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम है। वहीं दिन का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री रहा, जो सामान्य स्तर से 1.2 डिग्री कम दर्ज हुआ।
उत्तरी जिलों में ज्यादा ठंड
तापमान के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के 17 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। उत्तरी छत्तीसगढ़ में ठंड का असर अधिक है, जबकि मध्य और दक्षिणी क्षेत्रों में रात का तापमान तुलनात्मक रूप से ज्यादा बना हुआ है।