सड़क अतिक्रमण पर भी सख्त कदम, दयालबंद में हुआ विवाद
बिलासपुर। नगर निगम ने टैक्स न भरने वालों और सड़क अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। बकाया संपत्ति कर जमा न करने पर टिकरापारा स्थित केसरी पाइप फैक्ट्री को सील कर दिया गया। वहीं, सड़क पर अवैध कब्जे हटाने के दौरान दयालबंद में हंगामा हो गया। निगम की अतिक्रमण शाखा ने गांधी चौक से जगमल चौक तक कार्रवाई कर तीन ट्राली सामान जब्त किए और सलूजा स्टील पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
निगम ने तेज की वसूली, 6 दिनों में 2 करोड़ से ज्यादा की रिकवरी
निगम कमिश्नर अमित कुमार के निर्देश पर राजस्व विभाग बकायादारों से तेजी से वसूली कर रहा है। फरवरी माह में ही 4.74 करोड़ रुपये की रिकवरी की गई, जबकि 1 से 5 मार्च के बीच 2.02 करोड़ रुपये वसूले गए।
फैक्ट्री पर कार्रवाई: 33 लाख से ज्यादा टैक्स बकाया
केसरी पाइप फैक्ट्री पर 2016-17 से 33.84 लाख रुपये का बकाया था। बार-बार नोटिस भेजने के बावजूद टैक्स जमा नहीं करने पर गुरुवार को निगम के अतिक्रमण और राजस्व अमले ने फैक्ट्री को सील कर दिया।
सड़क पर अवैध कब्जे पर चला निगम का बुलडोजर
शहर में सड़कों पर अवैध कब्जों से यातायात बाधित हो रहा है। इसे देखते हुए नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस की टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। दयालबंद में सलूजा स्टील द्वारा सड़क पर छड़ रखे जाने के कारण 25 हजार का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा पुराना बस स्टैंड, तेलीपारा, शनिचरी सहित कई क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाया गया। निगम के अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि शहर को अतिक्रमण मुक्त किया जा सके।