भाजपा के बहुमत से निर्विरोध चुनाव की संभावना, दोपहर 12 बजे से शुरू होगी प्रक्रिया
रायपुर। रायपुर नगर निगम में आज (शुक्रवार) को सभापति पद के लिए चुनाव होगा। पाँचवीं बार पार्षद चुने गए सूर्यकांत राठौर का नाम लगभग तय माना जा रहा है। भाजपा पार्षदों की बैठक सुबह 10:30 बजे आयोजित होगी, जिसमें पर्यवेक्षक धरमलाल कौशिक सभापति के नाम की घोषणा करेंगे।
भाजपा के 61 पार्षद, निर्विरोध चुनाव की संभावना
रायपुर नगर निगम में भाजपा के 61, कांग्रेस के 7 और 2 निर्दलीय पार्षद हैं। बहुमत के चलते सभापति पद के लिए भाजपा की ओर से केवल एक ही नामांकन भरा जाएगा, जिससे चुनाव की नौबत नहीं आएगी।
- नामांकन से लेकर परिणाम तक की पूरी प्रक्रिया
दोपहर 12 बजे से 12:45 बजे तक नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे।
12:45 बजे से 1 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी और योग्य उम्मीदवारों की सूची प्रकाशित होगी।
1 से 1:30 बजे तक नाम वापस लेने का समय रहेगा।
1:30 बजे से 3 बजे तक मतदान (यदि आवश्यक हुआ तो), मतगणना और परिणाम की घोषणा की जाएगी।
वरिष्ठ नेताओं की सहमति, सूर्यकांत राठौर का नाम लगभग पक्का
सभापति पद के लिए सूर्यकांत राठौर, मनोज वर्मा और सरिता दुबे के नामों का पैनल भेजा गया था। लेकिन, राठौर को वरिष्ठ नेताओं की सहमति मिलने के कारण उनका चयन तय माना जा रहा है। वे पहले भी निगम में नेता प्रतिपक्ष सहित कई अहम पदों पर रह चुके हैं।
भाजपा कार्यालय में होगी घोषणा, फिर निगम मुख्यालय में चुनाव प्रक्रिया
सुबह भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में सभापति के नाम की घोषणा होगी, जिसके बाद सभी पार्षद निगम मुख्यालय पहुँचेंगे और दोपहर 12 बजे से चुनाव प्रक्रिया शुरू होगी सभापति पद के लिए चुनाव की औपचारिक प्रक्रिया के बाद भाजपा की ओर से सूर्यकांत राठौर के निर्विरोध चुने जाने की पूरी संभावना है।