जेपी नड्डा ने महिला सम्मान योजना की घोषणा, 20 लाख महिलाओं को मिलेगा लाभ
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दिल्ली सरकार ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए महिला सम्मान योजना की घोषणा कर दी। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में इस योजना को लॉन्च किया। इससे पहले शनिवार सुबह दिल्ली कैबिनेट ने इस योजना को मंजूरी दी थी।
योजना की शुरुआत करते हुए जेपी नड्डा ने कहा, “मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनकी सरकार को इस महत्वपूर्ण योजना को लागू करने के लिए बधाई। इसके लिए 5100 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं।” वहीं, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने बताया कि योजना के लिए रजिस्ट्रेशन आज से शुरू हो गया है और जल्द ही इसे पूरी तरह लागू किया जाएगा।
ई-रजिस्ट्रेशन से मिलेगा लाभ
योजना का लाभ उठाने के लिए महिलाओं को ऑनलाइन पोर्टल और मोबाइल ऐप के जरिए ई-रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इस पोर्टल पर मतदाता पहचान पत्र, बीपीएल कार्ड, आधार कार्ड और आय प्रमाण पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर आवेदन किया जा सकेगा।
20 लाख महिलाओं को मिलेगा सीधा लाभ
दिल्ली में 72 लाख महिला मतदाता हैं, जिनमें से अनुमानित 20 लाख महिलाएं इस योजना का लाभ उठा सकेंगी। इसके लिए सरकार विभिन्न विभागों से डेटा एकत्र कर रही है, ताकि पात्र महिलाओं की सही पहचान की जा सके।
अगले साल बढ़ेगा बजट
योजना से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि अगले वर्ष योजना का बजट बढ़ाया जाएगा। फिलहाल 1,000 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं, जिससे पहले से जारी महिला कल्याण योजनाओं में किसी तरह की बाधा नहीं आएगी। यह योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है, जिससे लाखों महिलाओं को आर्थिक संबल और आत्मनिर्भरता मिलेगी।