दो दिवसीय दिल्ली दौरे में मुख्यमंत्री साय की प्रधानमंत्री, गृह मंत्री सहित कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात, राज्य के विकास और नक्सल उन्मूलन पर हुई विस्तृत चर्चा
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दो दिवसीय दिल्ली दौरे ने राज्य के विकास और केंद्र के साथ तालमेल को नई दिशा दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान बस्तर विकास योजना और औद्योगिक विस्तार समेत कई अहम मुद्दों पर सकारात्मक संवाद हुआ। केंद्र सरकार ने राज्य को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दो दिवसीय दिल्ली दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और अन्य प्रमुख मंत्रियों से मुलाकात की। संसद भवन में प्रधानमंत्री से हुई भेंट के दौरान छत्तीसगढ़ के विकास, विशेष रूप से बस्तर क्षेत्र के समग्र उत्थान को लेकर व्यापक चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य सरकार की बस्तर विकास योजना की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
बैठक में औद्योगिक विकास, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, पर्यटन को बढ़ावा देने और बस्तर के लिए तैयार किए गए मास्टर प्लान पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री साय ने बताया कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रधानमंत्री को 30 मार्च को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे की रूपरेखा भी प्रस्तुत की, जिसमें कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से उनके निवास पर भेंट कर राज्य में नक्सलवाद की समाप्ति और बस्तर के समग्र विकास के विषय में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि राज्य में नक्सली गतिविधियां अब अपने अंतिम चरण में हैं और सरकार निर्णायक कार्रवाई कर रही है। गृह मंत्री शाह ने राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की और सहयोग जारी रखने का आश्वासन दिया।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने केंद्रीय ऊर्जा और शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में ऊर्जा और शहरी अधोसंरचना से संबंधित परियोजनाओं पर चर्चा की। इस बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी शामिल रहे।
मुख्यमंत्री साय ने बस्तर के विकास के लिए तैयार मास्टर प्लान की रूपरेखा केंद्र सरकार के समक्ष रखी, जिसमें सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग और पर्यटन पर विशेष बल दिया गया है। इस योजना का उद्देश्य नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ना और युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करना है।
दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने संसद भवन में छत्तीसगढ़ के सांसदों से भी चर्चा की और केंद्र-राज्य समन्वय, विकास योजनाओं की प्रगति पर विमर्श किया। साथ ही उन्होंने सांसद तेजस्वी सूर्या को उनके वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
सीएम साय ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी भेंट की। दौरा छत्तीसगढ़ के विकास को केंद्र के सहयोग से गति देने की दिशा में एक सफल पहल साबित हुआ।