भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र के शासकीय कन्या विद्यालय सुपेला में नवनिर्मित बैडमिंटन कोर्ट और सामुदायिक भवन का निरीक्षण करने पहुंचे नगर निगम आयुक्त राजीव कुमार पांडेय। उनके साथ जोन-2 की जोन आयुक्त येशा लहरे सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
विद्यालय परिसर में समग्र शिक्षा अभियान के तहत 8 लाख की लागत से निर्मित भवन और महापौर निधि से बने मल्टीपरपज बैडमिंटन कोर्ट का जायजा लिया गया। यह कोर्ट बच्चों के खेल-कूद एवं अन्य गतिविधियों के लिए उपयोगी होगा। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने विद्यालय शिक्षकों से चर्चा की और जोन आयुक्त को आवश्यक कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने देखा कि परीक्षा के कारण तीसरी और चौथी कक्षा के विद्यार्थियों की पढ़ाई स्कूल के मंच पर कराई जा रही थी। बच्चों के बीच जाकर उन्होंने उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली और उनसे सवाल-जवाब किए। जब उन्होंने बच्चों से “वृत्त” का अर्थ पूछा, तो कोई हाथ खड़ा नहीं कर रहा था, हालांकि कुछ बच्चों ने अपनी कॉपी में इसे बनाया हुआ था। इस पर आयुक्त ने शिक्षकों को बच्चों को आत्मविश्वास बढ़ाने और बेझिझक अपनी बात कहने के लिए प्रोत्साहित करने की सलाह दी।
इसके बाद आयुक्त ने वार्ड में सफाई, निर्माण कार्य और सार्वजनिक सुविधाओं का निरीक्षण किया। स्थानीय नागरिकों से फीडबैक लिया और अनावश्यक रूप से जल रही स्ट्रीट लाइट्स को बंद कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी जोन आयुक्तों को स्पष्ट रूप से कहा कि दिन के समय स्ट्रीट लाइटें जलती नहीं दिखनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता अरविंद शर्मा, सहायक अभियंता श्वेता वर्मा, जनसंपर्क अधिकारी अजय शुक्ला, जोन सहायक राजस्व अधिकारी शरद दुबे, जोन स्वास्थ्य अधिकारी अनिल मिश्रा, जोन स्वच्छता निरीक्षक अंजनी सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।