रायपुर। पंडरिया विधानसभा की विधायक भावना बोहरा को छत्तीसगढ़ विधानसभा की चयन समिति द्वारा वर्ष 2024-25 के उत्कृष्ट विधायक के रूप में चुना गया है। यह सम्मान उन्हें विधानसभा के तीन प्रमुख सत्र—बजट, मानसून और शीतकालीन सत्र—में सक्रिय सहभागिता, जनहित के मुद्दों पर प्रखर आवाज उठाने और विधानसभा की कार्यप्रणाली में अनुशासित योगदान के आधार पर दिया गया है।
भावना बोहरा ने प्रदेश की महिलाओं, युवाओं, शिक्षा, उद्योग, जनकल्याणकारी योजनाओं और स्थानीय विकास से जुड़े विषयों पर प्रश्न पूछे और चर्चा में भाग लेकर जनता की आवाज को सदन में मजबूती से रखा। उन्होंने सदन की प्रक्रियाओं में अनुशासित एवं निरंतर सहभागिता निभाई, जो चयन समिति के लिए महत्वपूर्ण पैमाना रहा।

भावना बोहरा की प्रतिक्रिया:
सम्मान पाकर भावुक अंदाज में भावना बोहरा ने कहा, “यह सम्मान मेरी नहीं, पंडरिया विधानसभा की जनता की उपलब्धि है। यह विश्वास और सहयोग ही मेरी प्रेरणा है। मैं इसे जनता को समर्पित करती हूं।” उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और सभी वरिष्ठ नेताओं का आभार जताते हुए कहा कि वे आगे भी पूरे समर्पण और ईमानदारी से जनहित के मुद्दे सदन में उठाती रहेंगी।
चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता:
उल्लेखनीय है कि उत्कृष्ट विधायक का चयन विधानसभा की चयन समिति द्वारा किया जाता है, जिसमें विधानसभा अध्यक्ष, सचिव, मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष शामिल होते हैं। सदस्य की सदन में भागीदारी, प्रश्नकाल व शून्यकाल में सहभागिता, अनुशासन, जनसमस्याओं को उठाने की तत्परता आदि प्रमुख आधार होते हैं।
विकास कार्यों पर विशेष फोकस:
भावना बोहरा ने बताया कि विधानसभा के माध्यम से उन्होंने क्षेत्रीय विकास कार्यों को गति देने, समस्याओं के समाधान और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में प्रभावशाली भूमिका निभाई है। वे आगे भी पूर्ण पारदर्शिता के साथ जनहित में कार्यरत रहेंगी।