शॉर्ट सर्किट से उठी चिंगारी ने जलाए सपने, दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक कपड़ा दुकान में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी भीषण थी कि दुकान में रखी सारी सामग्री जलकर खाक हो गई। दो दमकल गाड़ियों की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना में लाखों का नुकसान हुआ है।
बिलासपुर। शुक्रवार रात बिलासपुर के जोरापारा मोड़ स्थित एक कपड़ा दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। प्रिया साड़ी सेंटर नामक दुकान में आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोगों ने शटर तोड़कर आग बुझाने की कोशिश की। सूचना पर दमकल और पुलिस मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दुकान में रखी सारी साड़ियां और कपड़े जलकर राख हो गए। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है। दुकान मालिक श्याम दंडवते ने बताया कि हाल ही में नया माल मंगवाया गया था, जिससे 20 से 25 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है।