डिस्चार्ज के अगले ही दिन लगी आग, सोते वक्त जलते कमरे में फंसे बुजुर्ग
भिलाई के सेक्टर-9 में देर रात एक बंगले में आग लगने से भिलाई स्टील प्लांट के डीजीएम अनिमेश तिवारी के पिता की दर्दनाक मौत हो गई। बुजुर्ग उमेश नारायण तिवारी एक दिन पहले ही अस्पताल से घर लौटे थे और उसी कमरे में आग लगी जहां वे सो रहे थे। आग की वजह अभी रहस्य बनी हुई है।
भिलाई। भिलाई के सेक्टर-9 में शुक्रवार देर रात एक बंगले में लगी आग ने बड़ा हादसा कर दिया। बीएसपी के डीजीएम अनिमेश तिवारी के पिता उमेश नारायण तिवारी (92) की जिंदा जलने से मौत हो गई। वे हाल ही में अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर लौटे थे और सामने वाले कमरे में सो रहे थे। परिवार के अन्य सदस्य पीछे के कमरे में थे। आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग को रात 2.25 बजे दी गई। आग सिर्फ बुजुर्ग के कमरे में लगी थी, जिससे पुलिस भी हैरान है। शार्ट सर्किट के कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस जांच जारी है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।