दो एमआईसी सदस्य और पूर्व मंत्री की करीबी पार्षद ने बदला दल, निगम की सियासत में हलचल
रिसाली नगर निगम की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है, जहां कांग्रेस के पांच पार्षदों ने भाजपा का दामन थाम लिया। दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर की उपस्थिति में हुए इस घटनाक्रम ने नगर निगम की सत्ता समीकरणों को हिला दिया है। भाजपा में शामिल होने वाले पार्षदों में दो मेयर इन काउंसिल सदस्य और पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू की करीबी पार्षद भी शामिल हैं।
भिलाई। नगर निगम रिसाली की राजनीति में शनिवार को नया मोड़ आया, जब कांग्रेस के पांच पार्षदों ने भाजपा में प्रवेश कर निगम की सत्ता संरचना में हलचल मचा दी। दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर की उपस्थिति में इन पार्षदों ने विधिवत भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा में शामिल होने वालों में वार्ड क्रमांक 36 नेवई के पार्षद एवं एमआईसी सदस्य परमेश्वर देवदास और वार्ड क्रमांक 20 स्टेशन मरोदा से पार्षद निगम सिंह शामिल हैं। ये दोनों पहले निर्दलीय रूप से विजयी हुए थे, जिन्हें कांग्रेस में शामिल होने पर एमआईसी की जिम्मेदारी दी गई थी।
इसके अलावा तीन महिला पार्षदों ने भी भाजपा का साथ चुना है—वार्ड क्रमांक 2 पुरवा बांदा बस्ती से पार्षद सारिका साहू, जो पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू की करीबी मानी जाती हैं; वार्ड 15 मौहरी भाठा से ईश्वरी साहू, जिनका हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ था; और वार्ड क्रमांक 14 टंकी मरोदा से सरिता देवांगन। इन घटनाक्रमों के बाद कांग्रेस के पार्षदों की संख्या घटकर 21 रह गई है, जबकि भाजपा के पास अब 19 पार्षद हैं। हालांकि फिलहाल मेयर शशि सिन्हा के पद पर कोई खतरा नजर नहीं आ रहा है, लेकिन राजनीतिक समीकरणों में बदलाव की आहट जरूर महसूस की जा रही है।