26 नक्सलियों के खात्मे के बाद जवानों से मिले उपमुख्यमंत्री, कहा- आपकी भुजाओं ने सड़कें सुरक्षित कीं
छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बीजापुर में मुठभेड़ में शामिल जांबाज जवानों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि जवानों की ताकत और साहस की वजह से अब सड़कों पर निर्भय होकर चलना संभव हुआ है। विजय शर्मा ने इस साहसी ऑपरेशन को राज्य का सबसे बड़ा और निर्णायक अभियान बताया।
बीजापुर। छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान को नई धार देते हुए बीजापुर के एंड्री जंगल में 26 खूंखार नक्सलियों को ढेर करने वाले सुरक्षाबलों के शौर्य की सराहना करने पहुंचे राज्य के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने जवानों को सलाम किया।
उन्होंने कहा, “यह आपकी भुजाओं की ताकत और हौसले का ही परिणाम है कि मैं पहली बार सड़क मार्ग से बेझिझक बीजापुर पहुंच पाया हूं। शायद पहले कोई गृहमंत्री ऐसा नहीं कर सका।”

गृहमंत्री ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की ओर से जवानों को शुभकामनाएं और सराहना का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक मुठभेड़ न केवल बस्तर, बल्कि पूरे देश के लिए संदेश है कि अब नक्सलवाद की उम्र खत्म हो चुकी है। इस मुठभेड़ में मारे गए 26 नक्सलियों में 14 महिला नक्सली भी शामिल थीं। इनमें DVCM, PPCM, और ACM रैंक के नक्सली शामिल थे, जिन पर कुल 93 लाख रुपए का इनाम था।
गृहमंत्री ने कहा, “बस्तर कभी शांति का प्रतीक रहा है, लेकिन कुछ भटके हुए लोगों ने इसे अशांत किया। अब हमारे सुरक्षाबल उस खोई हुई शांति को बहाल करने के लिए संकल्पबद्ध हैं।” उन्होंने ऑपरेशन के दौरान शहीद हुए एक जवान को श्रद्धांजलि भी दी और कहा कि उनका बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। साथ ही पुनर्वास नीति के सकारात्मक असर को भी रेखांकित किया।