10 जिलों में बदले गए 11 जिला अध्यक्ष, संगठन में नए चेहरों की एंट्री
कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व से सीधे संवाद से पहले छत्तीसगढ़ में पार्टी संगठन में बड़ा बदलाव किया गया है। राज्य के 10 जिलों में 11 नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। राहुल गांधी इन अध्यक्षों से 3 अप्रैल को संवाद करेंगे। यह कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा है।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस में जिला अध्यक्षों के फेरबदल की बड़ी कवायद की गई है। प्रदेश के 10 जिलों में 11 नए चेहरों को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। यह नियुक्तियां कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मंजूरी के बाद महासचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा घोषित की गईं।
राहुल गांधी जल्द ही देशभर के जिला अध्यक्षों से तीन चरणों में संवाद करेंगे, जिसमें छत्तीसगढ़ के अध्यक्षों से मुलाकात 3 अप्रैल को होगी। इस मुलाकात से पहले संगठन को सशक्त करने की दिशा में यह बदलाव अहम माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इंदिरा गांधी के समय के बाद पहली बार ऐसा होगा जब कांग्रेस के जिला अध्यक्षों को गांधी परिवार के सदस्य से सीधे संवाद का अवसर मिलेगा।
हाल ही में पार्टी प्रभारी सचिन पायलट ने संकेत दिए थे कि संगठन में निष्क्रिय पदाधिकारियों को हटाकर नई नियुक्तियां की जाएंगी। इसके तहत पहले ही मुंगेली, बस्तर ग्रामीण और रायगढ़ ग्रामीण में नए अध्यक्ष बनाए जा चुके हैं। अब 11 और जिलों में हुए इस बदलाव के बाद कांग्रेस संगठन को नया स्वरूप मिल रहा है। यह कदम आगामी चुनावी रणनीति और 2029 की तैयारियों को देखते हुए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।