37वें नेशनल गेम्स में कांस्य पदक जीतने पर रंजीता को 1.20 लाख की प्रोत्साहन राशि और स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया
छत्तीसगढ़ की बेटी और मिनी गोल्फ खिलाड़ी रंजीता खलखो ने 37वें नेशनल गेम्स में कांस्य पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया। उनकी इस उपलब्धि के सम्मान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सीएम हाउस में उन्हें सम्मानित किया और प्रोत्साहन राशि भेंट की।
रायपुर। छत्तीसगढ़ की होनहार खिलाड़ी रंजीता खलखो को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सम्मानित किया। गोवा में आयोजित 37वें नेशनल गेम्स में मिनी गोल्फ प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने वाली रंजीता खलखो को मुख्यमंत्री निवास में आयोजित एक सम्मान समारोह में 1 लाख 20 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि का चेक और स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर रंजीता को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश की युवा प्रतिभाएं खेल के क्षेत्र में जिस तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं, वह पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को हर संभव सहायता और प्रोत्साहन प्रदान करती रहेगी। खिलाड़ियों ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री, खेल मंत्री और खेल एवं युवा कल्याण विभाग का आभार जताया। समारोह में खेल मंत्री टंक राम वर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। राज्य सरकार द्वारा इस प्रकार की प्रोत्साहन योजनाओं से खिलाड़ियों के आत्मबल में वृद्धि होती है और वे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच पर और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होते हैं।