ऑनलाइन सट्टा की लत ने बना दिया लुटेरा, पुलिस ने किया खुलासा
दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र में चाकू दिखाकर महिला से लूट करने वाला आरोपी अर्पित साहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से लूट का सामान, वाहन और चाकू बरामद कर लिया गया है।
दुर्ग। मरोदा सेक्टर भिलाई में चाकू की नोक पर महिला से सोने के आभूषण लूटने वाले आरोपी अर्पित साहू (26 वर्ष) को एसीसीयू व थाना नेवई पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना 18 मार्च को उस समय हुई जब महिला आत्मानंद गार्डन से लौट रही थी। आरोपी ने स्कार्फ बांधकर अपनी एक्टिवा (CG 07 AW 3555) से महिला का रास्ता रोककर चाकू दिखाया और चैन, अंगूठी, बालियाँ लूटकर फरार हो गया। अगले दिन लूटे गए आभूषणों को उसने रिसाली स्थित गोल्ड फाइनेंस कंपनी में गिरवी रख ₹85,334 प्राप्त किए।

पुलिस ने आरोपी की पहचान सीसीटीवी फुटेज व मुखबिर की सूचना से की। आरोपी की निशानदेही पर लूटी गई ज्वेलरी, एक्टिवा स्कूटर और चाकू बरामद किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्यवाही की जा रही है।