छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक नाबालिग भी शामिल
छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर पर बस्तर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 किलो गांजा के साथ 4 तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर जगदलपुर में बेचने की फिराक में थे। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चारों संदिग्ध नगरनार थाना क्षेत्र के चोकावाड़ा रेलवे फाटक के पास मौजूद हैं। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने घेराबंदी कर चारों को पकड़ा और उनके पास से दो पैकेट में रखा 30 किलो गांजा जब्त किया, जिसकी कीमत 3.02 लाख रुपए आंकी गई है।
बस्तर । बस्तर पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर पर चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नगरनार थाना क्षेत्र के चोकावाड़ा रेलवे फाटक के पास 2 स्कूटी पर चार संदिग्ध युवक खड़े हैं और गांजा लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं।

गांजे के दो पैकेट बरामद
मौके पर पहुंचकर पुलिस ने चारों को हिरासत में लिया और तलाशी ली, जिसमें उनके पास से 30 किलो गांजा बरामद हुआ। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत 3.02 लाख रुपए है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान प्रेमचंद गोंडो (19), दीपक बैरागी (18), अमित खोरा (18) के रूप में हुई है, जबकि चौथा आरोपी नाबालिग है।
गांजा बेचने की फिराक में थे आरोपी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह गांजा ओडिशा से लाए थे और इसे बस्तर के जगदलपुर में बेचने की योजना थी। ग्राहक का इंतजार करते समय पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
नाबालिग को भेजा गया सुधारगृह
पुलिस ने तीनों बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि नाबालिग आरोपी को बाल सुधारगृह भेजा गया है।
बॉर्डर पर जारी है सख्त चेकिंग
बस्तर पुलिस का कहना है कि छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इससे पहले भी भारी मात्रा में गांजा पकड़ा गया है। पुलिस तस्करों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए अभियान चला रही है ताकि नशे के इस अवैध कारोबार पर लगाम लगाई जा सके।