
थाईलैंड में भी तबाही, भारत ने भेजी राहत सामग्री
यांगून | म्यांमार में शुक्रवार सुबह 11:50 बजे आए 7.7 तीव्रता के भूकंप ने भीषण तबाही मचाई। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, मृतकों की संख्या 10 हजार से अधिक हो सकती है, जबकि म्यांमार की सैन्य सरकार ने अब तक 1,002 लोगों की मौत की पुष्टि की है और 2,400 से ज्यादा लोग घायल बताए गए हैं।
भूकंप के झटके थाईलैंड, बांग्लादेश, चीन और भारत तक महसूस किए गए। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में 30 मंजिला इमारत गिरने से 10 लोगों की मौत हो गई। हालात की गंभीरता को देखते हुए म्यांमार के 6 राज्यों और पूरे थाईलैंड में आपातकाल घोषित कर दिया गया है।
भारत ने ‘ऑपरेशन ब्रह्मा’ के तहत 15 टन राहत सामग्री की पहली खेप म्यांमार भेजी है। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने म्यांमार के सैन्य प्रमुख जनरल मिन आंग ह्लाइंग से बातचीत कर इस कठिन समय में म्यांमार के लोगों के प्रति भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।