सुबह ड्यूटी जा रहे सफाईकर्मियों से भरे ऑटो को उल्टी दिशा से आ रही SUV ने मारी जोरदार टक्कर, विधायक-महापौर पहुंचे अस्पताल
छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में सफाईकर्मियों से भरे ऑटो को तेज रफ्तार SUV ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में आठ महिलाएं और ऑटो चालक घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों का उपचार जिला अस्पताल दुर्ग में चल रहा है।
दुर्ग। दुर्ग शहर के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। चंदखुरी और कोल्हियापुरी से सफाई कार्य पर आने वाले नगर निगम कर्मचारियों का ऑटो जब विशाल मेगामार्ट के सामने एक महिला को उतारने के बाद किनारे खड़ा था, तभी तेज रफ्तार में आ रही किया SUV (CG 07 CV 1947) ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।

कार जेल चौक की ओर से गलत दिशा में आ रही थी और सीधी टक्कर के कारण ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। SUV का अगला हिस्सा बुरी तरह डैमेज हुआ और उसके एयरबैग तक खुल गए। हादसे में ऑटो में सवार 8 महिला सफाई कर्मचारी और चालक घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर 112 पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची, सभी घायलों को त्वरित इलाज के लिए दुर्ग जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहाँ डॉक्टरों ने बताया कि 4 महिलाओं की हालत गंभीर बनी हुई है जबकि अन्य 5 की स्थिति सामान्य है।
हादसे की जानकारी मिलते ही दुर्ग महापौर अल्का बाघमार और दुर्ग शहर विधायक गजेंद्र यादव अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। पूर्व विधायक अरुण वोरा भी मौके पर पहुंचे और प्रशासन से घायलों को बेहतर उपचार देने की अपील की। पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने SUV को जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है। हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।