पुलिस बनी बच्चों की दोस्त, साइबर सुरक्षा से लेकर ट्रैफिक नियमों तक दी उपयोगी जानकारी
नेवई। नेवई थाना परिसर में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम के तहत थाना प्रभारी एवं परिवीक्षाधीन आईपीएस अधिकारी राहुल बंसल द्वारा स्थानीय स्कूल के छात्र-छात्राओं को आमंत्रित कर थाने का भ्रमण कराया गया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को पुलिस व्यवस्था से रूबरू कराना और उनमें पुलिस के प्रति विश्वास और मित्रता की भावना विकसित करना था।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को थाना परिसर की कार्यप्रणाली, विभिन्न शाखाओं और पुलिस के दैनिक कार्यों की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों, नशा मुक्ति और बाल अपराध जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सरल व प्रभावी तरीके से अवगत कराया गया।
थाना प्रभारी ने बच्चों को बताया कि पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए कार्य करती है और उन्हें कभी भी किसी भी समस्या में बेहिचक पुलिस की मदद लेनी चाहिए। उन्होंने साइबर फ्रॉड से सतर्क रहने, ट्रैफिक नियमों का पालन करने और नशे से दूर रहने की सलाह दी।
कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने भी अपने सवाल पूछे, जिनका उत्तर पुलिस अधिकारियों ने सहजता से दिया। इस सराहनीय पहल से बच्चों में जागरूकता बढ़ी और पुलिस के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हुई।