रायपुर और बिलासपुर में पारा 41°C के पार, कुछ इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी; अंबिकापुर में रात सबसे ठंडी
छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल रहा है। एक ओर दिन में झुलसाने वाली गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है, तो वहीं शाम होते ही आसमान में बादल मंडरा रहे हैं और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो रही है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए तापमान बढ़ने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
छत्तीसगढ़ में मौसम अगले कुछ दिनों तक अजीब तेवर में नजर आएगा।
प्रदेश में एक तरफ तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है, जिससे लू जैसे हालात बन सकते हैं। वहीं दूसरी ओर, बादल गरजने, बिजली चमकने और कुछ इलाकों में हल्की बारिश की चेतावनी भी दी गई है। इस दोहरे मौसम के चलते नागरिकों को सतर्क रहने की जरूरत है।

राज्य के कई शहरों में पारा 41°C के पार
शुक्रवार को रायपुर और बिलासपुर में अधिकतम तापमान 41.4°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक है। वहीं माना एयरपोर्ट पर 41°C, और पेंड्रारोड में 40.6°C तापमान रहा। पेंड्रारोड का तापमान सामान्य से 3.3°C ज्यादा दर्ज हुआ।
रायपुर में उमस भरी गर्मी, हल्की बारिश का भी असर नहीं
राजधानी रायपुर में सुबह 0.6 मिमी और शाम को 0.4 मिमी बारिश हुई, लेकिन इससे गर्मी में कोई खास राहत नहीं मिली। दिन का तापमान 41.4°C और रात का न्यूनतम तापमान 27.2°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक था। हवा की रफ्तार 7 किमी/घंटा और आर्द्रता करीब 60% रही, जिससे उमस महसूस की गई।
अंबिकापुर में रात सबसे ठंडी, जगदलपुर में चिपचिपी गर्मी
अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 21.7°C दर्ज हुआ, जो पूरे राज्य में सबसे कम रहा। यहां हल्की बारिश भी हुई। वहीं जगदलपुर में तापमान 36°C रहा, लेकिन आर्द्रता 74% होने के कारण गर्मी चिपचिपी और परेशान करने वाली रही।
आगामी 5 दिनों में क्या रहेगा मौसम का हाल?
मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की और बढ़ोतरी हो सकती है। साथ ही अगले 4 दिनों तक राज्य के कुछ हिस्सों में गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। लोगों को सावधानी बरतने और मौसम से जुड़ी अपडेट पर नज़र बनाए रखने की सलाह दी गई है।
आज रायपुर में ऐसा रहेगा मौसम
- आसमान साफ रहेगा, लेकिन दोपहर या शाम को हल्के बादल छा सकते हैं।
- अधिकतम तापमान 42°C और न्यूनतम 26°C के आसपास रहने का अनुमान है।
- उमस बनी रह सकती है।