नगर निगम ने लिया निर्णय, चौक का होगा सौंदर्यीकरण; गौ माता की प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी, महापौर ने किया स्थल निरीक्षण
भिलाई के छावनी चौक को अब एक नई पहचान मिलने जा रही है। नगर निगम ने इसे ‘गौ माता चौक’ नाम देने का निर्णय लिया है। चौक का सौंदर्यीकरण किया जाएगा और यहां गौ माता की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। महापौर नीरज पाल ने स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए।
भिलाई। भिलाई नगर निगम ने छावनी चौक का नाम बदलकर अब इसे ‘गौ माता चौक’ घोषित कर दिया है। इस निर्णय को निगम की 27 मार्च 2025 को हुई विशेष सम्मिलन बैठक में पारित किया गया। इसके तहत न केवल नाम परिवर्तन होगा, बल्कि चौक का भव्य सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा और वहां गौ माता की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
शनिवार को महापौर नीरज पाल ने जोन 2 के अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जोन आयुक्त येशा लहरे, सहायक राजस्व अधिकारी शरद दुबे, और अभियंता अर्पित बंजारे मौजूद रहे। अधिकारियों ने महापौर को सौंदर्यीकरण की योजना और तैयारियों से अवगत कराया।

महापौर ने बताया कि 10 मार्च 2024 को शंकराचार्य महाराज द्वारा गौ माता संरक्षण और संवर्धन को लेकर देशव्यापी अभियान की शुरुआत की गई थी। उसी भावना को सम्मान देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
चौक के आस-पास जो लोग प्रभावित होंगे, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पुनर्वास की सुविधा दी जाएगी। महापौर ने इस संबंध में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सौंदर्यीकरण का काम गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। नगर निगम द्वारा पहले ही जोन 2 के राजस्व विभाग के जरिए स्थल का सर्वेक्षण किया जा चुका है। अब कार्य को शीघ्र प्रारंभ कर चौक को नई पहचान दी जाएगी।