बिलासपुर की 23 वर्षीय लक्ष्मी भैना ने टॉयलेट में लगाई फांसी, शादी के बाद विदाई के अगले ही दिन मायके में किया आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां शादी के महज तीन दिन बाद ही एक नवविवाहिता ने आत्महत्या कर ली। हाथों की मेहंदी अभी फीकी भी नहीं पड़ी थी कि उसने खुदकुशी कर ली। मौके से बरामद सुसाइड नोट में लड़की ने लिखा कि वह यह शादी नहीं करना चाहती थी। घटना ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है।
बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र के अमाली गांव में शादी के तीसरे ही दिन एक नवविवाहिता लक्ष्मी भैना (23) ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। शादी 15 अप्रैल को जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम कोसा निवासी दुआस भैना से हुई थी। विदाई के बाद 16 अप्रैल को वह ससुराल पहुंची, लेकिन उसी शाम मायके वाले उसे फिर से घर ले आए।

परिजन बताते हैं कि 17 अप्रैल की सुबह सबकुछ सामान्य था। लक्ष्मी बाड़ी में बने टॉयलेट की तरफ गई, लेकिन काफी देर तक नहीं लौटी। जब परिजन खोजते हुए टॉयलेट तक पहुंचे, तो अंदर से कोई आवाज नहीं आई। दरवाजा खोलकर देखा गया तो लक्ष्मी फंदे पर झूल रही थी।
परिजन उसे तुरंत कोटा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया और बाद में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मौके से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें युवती ने लिखा कि “मैं ये शादी नहीं करना चाहती थी, मैंने भाई से कहा भी था।” इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसने पारिवारिक दबाव में शादी की थी।
DSP नुपूर उपाध्याय ने बताया कि युवती ने सगाई के बाद ही अपने भाई को शादी से इनकार करने की बात कही थी। लेकिन परिजनों ने उसे समझाकर विवाह के लिए राजी कर लिया था। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ जारी है।
इस दुखद घटना ने न केवल परिजनों को बल्कि पूरे गांव को सन्न कर दिया है। यह मामला एक बार फिर सोचने पर मजबूर करता है कि विवाह जैसे निर्णयों में युवाओं की इच्छा कितनी अहम है।