मारपीट और गाली-गलौज के आरोप, दोनों पक्षों पर पुलिस ने दर्ज किया काउंटर केस; कमेटी सदस्यों के बीच टकराव ने गुरुद्वारे की गरिमा पर उठाए सवाल
भिलाई के सेक्टर-6 स्थित गुरु सिंह सभा में आंतरिक कलह उस समय सार्वजनिक विवाद में तब्दील हो गई, जब समिति के दो गुटों के बीच तीखी बहस मारपीट तक पहुंच गई। घटना के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे, जहाँ पुलिस ने परस्पर शिकायतों के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भिलाई। सेक्टर-6 स्थित गुरु सिंह सभा में रविवार को समिति के दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हो गया, जिसमें गाली-गलौज और मारपीट तक की नौबत आ गई। मामला भिलाई नगर थाने पहुंचने के बाद पुलिस ने दोनों गुटों के खिलाफ काउंटर केस दर्ज कर लिया है। यह विवाद संस्था के आंतरिक प्रशासनिक मुद्दों को लेकर सामने आया है।
भिलाई नगर पुलिस के अनुसार, मनजिंदर सिंह (निवासी सेक्टर-4, सड़क-2) गुरु नानक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सचिव के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा कि उन्हें संस्था के अध्यक्ष द्वारा एक पत्र भेजकर गुरुद्वारा परिसर में बुलाया गया था। वहाँ पहुंचने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और परिवार को लेकर आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया। विरोध करने पर, अध्यक्ष के बेटे मंजीत सिंह ने उनके साथ मारपीट की, जिससे विवाद और बढ़ गया।

वहीं दूसरी ओर, गुरुद्वारा सभा के वर्तमान प्रधान तारा सिंह ने अपनी शिकायत में कहा कि उन्हें और उनकी टीम को संस्था संचालन में बाधा पहुँचाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मनजिंदर सिंह समेत कुछ सदस्यों द्वारा उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है, जिससे संस्था का विकास कार्य प्रभावित हो रहा है।
तारा सिंह के अनुसार, 2 मार्च को सुबह 11:30 बजे उनके और गुरुद्वारे के वरिष्ठ सदस्य संतोष सिंह के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरदार मनजिंदर सिंह ने गुरुनानक स्कूल के अध्यक्ष सरदार मंजीत सिंह के साथ हाथापाई की और धक्का मुक्की हुई।
पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट के आधार पर तारा सिंह की शिकायत पर गुरदेव सिंह, हरचरण सिंह आनंद और मनजिंदर सिंह के खिलाफ, तथा मनजिंदर सिंह की शिकायत पर तारा सिंह और मंजीत सिंह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 115(2), 296 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।
फिलहाल, पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच में जुटी हुई है।