कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरने की तैयारी, नगर निगम से निकलेगा मार्च; दीपक बैज बोले– जनता डरी हुई है, अब सड़कों पर उतरने का वक्त
छत्तीसगढ़ में बढ़ते अपराधों और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस आज सोमवार को राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने जा रही है। घेराव की शुरुआत सुबह 11 बजे नगर निगम गार्डन के पास से होगी, जहां पहले जनसभा होगी और फिर जुलूस मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच करेगा।
रायपुर। भाजपा सरकार के 15 महीने के कार्यकाल में बढ़ते अपराध और असुरक्षा के माहौल को लेकर आज कांग्रेस सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेगी। इसके लिए प्रदेशभर से कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता राजधानी पहुंच चुके हैं। कांग्रेस का कहना है कि सरकार जनता की सुरक्षा देने में असफल रही है, इसलिए अब सड़क पर उतर कर सरकार को जगाना जरूरी हो गया है।

नगर निगम गार्डन से शुरू होकर यह मार्च मुख्यमंत्री निवास तक जाएगा। इससे पहले एक बड़ी जनसभा आयोजित होगी, जिसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सरकार पर तीखे हमले बोलेंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा—
“भाजपा सरकार से कानून व्यवस्था नहीं संभल रही। आम आदमी डरा हुआ है, अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। महिलाएं-बच्चे सुरक्षित नहीं हैं। अब जनता की आवाज़ बनकर कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी।”
📊सरकारी आंकड़ों से हमला
कांग्रेस ने राज्य सरकार के आधिकारिक क्राइम डेटा के आधार पर सरकार को घेरा है:
एक साल में राज्य में:
🔺 1114 हत्या, 3191 बलात्कार, 3644 अपहरण, 7960 चोरी
सिर्फ रायपुर में:
🔺 93 हत्या, 268 बलात्कार, 515 अपहरण
कांग्रेस का कहना है कि ये आंकड़े बताने के लिए काफी हैं कि कानून-व्यवस्था चरमरा चुकी है।
क्या है रणनीति?
कांग्रेस ने राजधानी के हर वार्ड और जिले से कार्यकर्ताओं को जोड़ने की रणनीति बनाई है। पार्टी इसे सिर्फ विरोध नहीं, एक राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन भी मान रही है। विधायक, सांसद, पदाधिकारी और स्थानीय नेता बड़ी संख्या में मौजूद रहेंगे।