उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा समेत कई जिलों में हीट वेव की चेतावनी; रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में भी तापमान सामान्य से काफी ऊपर
छत्तीसगढ़ में गर्मी ने अपना कहर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने उत्तर छत्तीसगढ़ के लिए अगले चार दिनों तक लू का अलर्ट जारी किया है। वहीं रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभागों में भी तापमान 44 डिग्री के करीब पहुंच गया है, जिससे लोगों को दिन और रात दोनों समय राहत नहीं मिल रही।
रायपुर। राज्य में तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। मौसम विभाग ने 22 अप्रैल से 25 अप्रैल तक सरगुजा संभाग और उससे सटे जिलों के लिए लू चलने की चेतावनी दी है। इसके साथ ही रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग में भी हीट वेव के हालात बन रहे हैं।

रायपुर में रिकॉर्डतोड़ गर्मी:
सोमवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 3.3 और 3 डिग्री अधिक है। मंगलवार को यहां तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। माना एयरपोर्ट क्षेत्र में भी दिन का तापमान 40.6 डिग्री और रात का 28.6 डिग्री दर्ज किया गया।
बिलासपुर और दुर्ग में भी गर्मी तेज:
बिलासपुर में अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.6 और 2.8 डिग्री ज्यादा है। दुर्ग जिले में सोमवार को दिन का तापमान 42.6 डिग्री रहा, जबकि रात का तापमान 23.8 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।
सरगुजा संभाग में भीषण लू की चेतावनी:
अंबिकापुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री और न्यूनतम 23.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने सरगुजा संभाग के सभी जिलों में अगले कुछ दिनों तक लू चलने की संभावना जताई है।
बस्तर संभाग में आंधी-पानी की संभावना:
दूसरी ओर बस्तर संभाग के कुछ जिलों में मौसम थोड़ा बदला हुआ है। मौसम विभाग ने यहां आंधी, बिजली गिरने और हल्की बारिश की संभावना जताई है। सोमवार को भानपुरी में 20 मिमी और तोकापाल में 10 मिमी बारिश हुई। जगदलपुर में अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री और न्यूनतम 23.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।