ठेले पर मेहनत कर पेट पाल रहे युवकों पर दो अलग-अलग घटनाओं में नशेड़ियों का हमला
भिलाई में दो दिल दहला देने वाली घटनाओं ने आमजन को झकझोर दिया है। पहली घटना में एक नशे में धुत युवक ने समोसा बेचने वाले पर खौलता तेल डाल दिया, वहीं दूसरी घटना में पुलिस सिपाही ने चाय-पूहा बेचने वाले को बेरहमी से पीट डाला। दोनों ही मामलों में पीड़ित गरीब परिवारों से हैं जो रोज़ी-रोटी के लिए सड़कों पर मेहनत कर रहे थे।
भिलाई। भिलाई में रोज़मर्रा की मेहनत से अपना जीवन यापन कर रहे दो ठेलेवालों के साथ दो अलग-अलग घटनाओं में बर्बरता हुई। एक मामला कैंप क्षेत्र के बैकुंठधाम मंदिर के पास का है, जहां एक नशेड़ी युवक ने समोसे के पैसे मांगने पर विक्रेता पर खौलता हुआ तेल फेंक दिया। वहीं दूसरी घटना सुपेला के घड़ी चौक की है, जहां ड्यूटी पर तैनात पुलिस सिपाही ने नशे में चाय-पूहा विक्रेता की पिटाई कर दी और उसके ठेले को पलट दिया।

पहली घटना: खौलते तेल से झुलसाया
बैकुंठधाम निवासी 20 वर्षीय प्रकाश प्रजापति अपने भाई दीपक के साथ समोसे का ठेला लगाकर जीवनयापन करता है। 22 अप्रैल की शाम एक युवक, इमरान खान उर्फ बल्ले, नशे की हालत में समोसा लेने पहुंचा। प्रकाश ने थोड़ा इंतजार करने को कहा, जिससे इमरान भड़क गया। जब प्रकाश ने उससे 20 रुपये मांगे, तो उसने गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर अचानक खौलते तेल की कड़ाही प्रकाश के ऊपर उड़ेल दी।
हमले में प्रकाश का चेहरा और हाथ बुरी तरह झुलस गया, जबकि भाई दीपक के दोनों हाथ जल गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रकाश को पहले सुपेला के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल और फिर सेक्टर 9 अस्पताल रेफर किया गया। इमरान के खिलाफ छावनी पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
दूसरी घटना: वर्दी में गुंडागर्दी
दूसरी घटना सुपेला थाना क्षेत्र की है। 21 अप्रैल की सुबह लक्ष्मीनगर निवासी चंद्रभूषण साव घड़ी चौक में अपने चाय-पूहा के ठेले पर ग्राहकों को सेवा दे रहा था। इसी दौरान खुर्सीपार थाने के सिपाही कुंदन सिंह और राजेश यादव वहां पहुंचे और ठेला हटाने को कहने लगे। चंद्रभूषण ने थोड़ा समय मांगा, तो सिपाहियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उसने विरोध किया तो दोनों सिपाहियों ने उसकी जमकर पिटाई की और ठेला पलट कर सामान बिखेर दिया। इस घटना में उसे 20 से 30 हजार रुपए का नुकसान हुआ। चंद्रभूषण ने खुर्सीपार थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने कुंदन सिंह के खिलाफ काउंटर रिपोर्ट दर्ज करते हुए चंद्रभूषण पर भी हमला करने का आरोप लगाया है।
पुलिस पर पहले भी लगे आरोप
कुंदन सिंह पर पहले भी नशे की हालत में मारपीट करने के आरोप लग चुके हैं। स्मृति नगर और छावनी थाना क्षेत्र में भी उस पर हिंसक व्यवहार की शिकायतें हुई थीं। एक बार तो उसे स्थानीय लोगों ने पीट दिया था, लेकिन पुलिस ने मामला दबा दिया।