भिलाई में केनरा बैंक की शाखा में मिले 111 म्यूल अकाउंट्स, पुलिस ने एक आरोपी को भेजा न्यायिक हिरासत में
भिलाई में साइबर क्राइम के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जहां 111 बैंक खातों में अवैध रूप से पैसे का लेन-देन किया गया। इसी कड़ी में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है, जिसके खाते से 5 करोड़ रुपए दिल्ली के एक कॉर्पोरेट अकाउंट में ट्रांसफर किए गए थे। जांच एजेंसियां अब अन्य 110 संदिग्ध अकाउंट होल्डर्स की तलाश में जुट गई हैं।
भिलाई। भिलाई के वैशाली नगर स्थित केनरा बैंक ब्रांच से जुड़े साइबर फ्रॉड मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। पकड़ी गई महिला की पहचान उमा शर्मा (43 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कैलाश नगर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की निवासी है। पुलिस जांच में सामने आया कि उमा शर्मा के बैंक खाते में 5 करोड़ से अधिक की अवैध रकम ट्रांसफर की गई थी, जिसे बाद में दिल्ली स्थित एक कॉर्पोरेट अकाउंट में भेज दिया गया। पुलिस ने इस खाते को एक साल पहले ही होल्ड में डाल दिया था, जब इस पर साइबर फ्रॉड का शक हुआ। मंगलवार को उमा शर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेज दिया गया।

बैंक प्रबंधन की पहल से उजागर हुआ मामला:
केनरा बैंक, वैशाली नगर शाखा के प्रबंधक परमाल सिंह सिंगोदिया (40 वर्ष) ने थाना में 111 म्यूल अकाउंट्स की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि इन सभी खातों में फ्रॉड के जरिए अवैध धनराशि ट्रांसफर करवाई गई थी। फिलहाल इन खातों को होल्ड में रखा गया है, जिनमें कुल ₹22,05,173 जमा हैं।

110 खाताधारकों की तलाश जारी:
पुलिस अभी 110 खाताधारकों की पहचान में जुटी है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, इनमें कई नाम बेहद चौंकाने वाले हो सकते हैं। नए एसपी विजय अग्रवाल के पदभार संभालने के बाद इस मामले में तेजी से जांच की जा रही है।