शिवनाथ नदी किनारे डीलिंग करते पकड़े गए आरोपी, एनडीपीएस एक्ट के तहत भेजे गए न्यायिक हिरासत में
दुर्ग पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन ऐसे युवकों को गिरफ्तार किया है, जो हेरोइन की तस्करी में लंबे समय से सक्रिय थे। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीनों आरोपी महमरा रोड स्थित शिवनाथ नदी किनारे नशे का सौदा करने वाले हैं। घेराबंदी कर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो भारी मात्रा में हेरोइन जब्त की गई। इस कार्रवाई ने शहर में फैले ड्रग्स नेटवर्क की गंभीरता को उजागर कर दिया है।
दुर्ग। दुर्ग में नशे के खिलाफ जारी अभियान के तहत पुलिस ने 74.34 ग्राम हेरोइन के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद नशीले पदार्थ की बाजार में अनुमानित कीमत 6 लाख 14 हजार 240 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद खुलासा किया है कि वे पंजाब से हेरोइन लाकर यहां युवाओं को बेचते थे।
गिरफ्तारी की पूरी कार्रवाई:
एएसपी अभिषेक झा ने बताया कि 22 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि तीन युवक महमरा रोड स्थित शिवनाथ नदी किनारे ग्राहक की तलाश में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना और एसीसीयू की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके पर घेराबंदी की और तीनों को गिरफ्तार किया।
पकड़े गए आरोपी:
- विशाल सिंह (36 वर्ष) — निवासी मैत्रीकुंज, रिसाली, भिलाई
- बीरेंद्र पारधी उर्फ बीरा (25 वर्ष) — निवासी पावर हाउस, छावनी, भिलाई
- अतुल कुमार (25 वर्ष) — निवासी संतोषी पारा, कैम्प-2, भिलाई
तीनों की तलाशी लेने पर 74.34 ग्राम हेरोइन, ₹1,230 नगद और 3 मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पंजाब से होती थी तस्करी:
जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से नशे के इस गोरखधंधे में शामिल थे। इनका नेटवर्क पंजाब से जुड़ा हुआ था, जहां से ये हेरोइन लाकर छत्तीसगढ़ में सप्लाई करते थे। इन तीनों में से एक आरोपी स्वयं भी नशे का आदी था, जो अपनी लत पूरी करने के लिए हेरोइन की बिक्री करता था।
पुलिस की अगली कार्रवाई:
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य सदस्यों और सप्लाई चैन की जानकारी जुटा रही है। संभावना जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारी हो सकती है।