
आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉल में एक ही छत के नीचे मिलेगा खरीदारी, मनोरंजन और रोजगार का अवसर
रायपुरवासियों के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक बन गया जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी के भव्य जोरा मॉल का विधिवत शुभारंभ किया। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस मॉल के उद्घाटन से शहरवासियों को न केवल एक बेहतरीन शॉपिंग और मनोरंजन केंद्र मिला है, बल्कि क्षेत्र में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई ऊर्जा मिलेगी।
रायपुर। राजधानी रायपुर के लोगों के लिए 26 अप्रैल का दिन यादगार बन गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधिवत पूजा-अर्चना कर जोरा मॉल का भव्य लोकार्पण किया। भगवान गणेश का आशीर्वाद लेकर उन्होंने मॉल में मौजूद सुविधाओं का अवलोकन किया और राज्य सरकार के सुशासन पर आधारित एक प्रेरणादायक वीडियो भी देखा।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कहा कि जोरा मॉल राजधानी वासियों के लिए एक बेहतरीन तोहफा है। यह मॉल न केवल आधुनिक जीवनशैली की सभी सुविधाओं को एक छत के नीचे उपलब्ध कराएगा, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी खोलेगा। उन्होंने कहा कि यह मॉल क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति देगा और शहरी जीवन को और अधिक उन्नत और सुविधाजनक बनाएगा।
मुख्यमंत्री ने मॉल के विकास में लगे सभी लोगों को बधाई देते हुए कहा कि लगभग 12 वर्षों की लंबी यात्रा के बाद यह सपना साकार हुआ है। उन्होंने मॉल संचालक विजय झावर के लंबे औद्योगिक अनुभव की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका अनुभव इस प्रतिष्ठान को सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।
12 वर्षों का सफर, नया स्वरूप
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी शुभारंभ समारोह को संबोधित किया और कहा कि यह मॉल छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा और बेहतरीन मॉल बनकर उभरा है। उन्होंने याद किया कि 12-13 साल पहले “ट्रेजर आइलैंड” के नाम से इसका निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ था, जो अब जोरा मॉल के नए रूप में लोगों के लिए खुल गया है। डॉ. सिंह ने कहा कि रायपुर देश की सबसे तेजी से विकसित हो रही राजधानियों में से एक बन रहा है और जोरा मॉल इस विकास यात्रा में मील का पत्थर साबित होगा।
शुभकामनाओं का सिलसिला
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी समारोह में अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस मॉल के उद्घाटन से रायपुरवासियों को उच्च स्तरीय शॉपिंग और एंटरटेनमेंट का अनुभव मिलेगा।
इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक अमर अग्रवाल, विधायक अनुज शर्मा, विधायक मोतीलाल साहू, सीएसआईडीसी के चेयरमैन राजीव अग्रवाल, सीएमडीसी के अध्यक्ष सौरभ सिंह, आरडीए के अध्यक्ष नंदकुमार साहू, बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष प्रभतेज सिंह भाटिया और मॉल के संचालक विजय झावर सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
नया मॉल, नई उम्मीदें
जोरा मॉल न केवल रायपुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए एक नया शॉपिंग डेस्टिनेशन बनकर उभरेगा। मल्टीप्लेक्स, ब्रांडेड स्टोर्स, फूड कोर्ट और मनोरंजन के अत्याधुनिक साधनों से सुसज्जित यह मॉल शहरी जीवनशैली का नया केंद्र बन जाएगा।