एनर्जी, जियो और रिटेल वर्टिकल के बोर्ड सदस्य अनंत, अब रिलायंस की टॉप मैनेजमेंट में निभाएंगे बड़ी भूमिका
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने अगली पीढ़ी की लीडरशिप को आगे बढ़ाते हुए शनिवार को अनंत अंबानी को कंपनी का एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर नियुक्त किया। 1 मई से अनंत 5 साल के कार्यकाल के लिए इस अहम पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। वे पहले से ही कंपनी के कई वर्टिकल्स और रिलायंस फाउंडेशन के बोर्ड में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
मुंबई। देश की सबसे बड़ी निजी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने भविष्य की लीडरशिप तैयार करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। शनिवार को कंपनी ने मुकेश अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी को एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर नियुक्त करने की घोषणा की। अनंत 1 मई 2025 से कंपनी के पूरे समय के निदेशक (होल टाइम एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर) के रूप में कार्यभार संभालेंगे। उनका कार्यकाल पांच वर्षों का होगा।
रिलायंस ने इस निर्णय की जानकारी स्टॉक एक्सचेंज को दी गई फाइलिंग में दी। कंपनी ने बताया कि यह नियुक्ति ह्यूमन रिसोर्स, नॉमिनेशन एंड रिम्यूनरेशन कमेटी की सिफारिश पर बोर्ड द्वारा 25 अप्रैल को स्वीकृत की गई है।
कंपनी के प्रमुख वर्टिकल्स में निभा रहे हैं भूमिका
अनंत अंबानी पहले से ही रिलायंस ग्रुप के कई प्रमुख कारोबारों से जुड़े हुए हैं। अगस्त 2022 में उन्हें रिलायंस के एनर्जी वर्टिकल की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके अलावा वे मार्च 2020 से जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड, मई 2022 से रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड, और जून 2021 से रिलायंस न्यू एनर्जी लिमिटेड और रिलायंस न्यू सोलर एनर्जी लिमिटेड के बोर्ड के सदस्य भी हैं। उनकी भागीदारी सिर्फ व्यावसायिक क्षेत्र तक सीमित नहीं है। अनंत सितंबर 2022 से रिलायंस फाउंडेशन के बोर्ड का भी हिस्सा हैं, जहां वे सामाजिक सेवा से जुड़े विभिन्न कार्यों में योगदान दे रहे हैं।
नई पीढ़ी को जिम्मेदारी सौंपने की दिशा में एक कदम
मुकेश अंबानी पहले ही संकेत दे चुके हैं कि वे धीरे-धीरे रिलायंस की कमान अगली पीढ़ी को सौंपना चाहते हैं। अनंत अंबानी की इस नियुक्ति को इसी रणनीतिक प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है, जिसमें वह कंपनी के परिचालन और विस्तार योजनाओं में अधिक सक्रिय और निर्णायक भूमिका निभाएंगे।
रिलायंस के भविष्य को आकार देंगे अनंत
विशेषज्ञों का मानना है कि अनंत की नियुक्ति रिलायंस इंडस्ट्रीज के भविष्य को नई दिशा देने की तैयारी है। खासकर ऊर्जा, डिजिटल और खुदरा कारोबारों में उनके अनुभव और युवा दृष्टिकोण से कंपनी को नए वैश्विक अवसरों का लाभ उठाने में मदद मिलेगी।