
- बिलासपुर में पारा 43.2°C के पार, रायपुर समेत कई शहरों में तेज गर्मी
- राजधानी में बादल छाए, बूंदाबांदी के आसार
- हवा की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटा तक पहुँचने की संभावना
छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट बदल ली है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में आज गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने तेज हवाओं के साथ तापमान में गिरावट की चेतावनी दी है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। शनिवार को बिलासपुर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रायपुर, बेमेतरा, कोरबा, अंबिकापुर और पेंड्रा जैसे शहरों में भी तापमान 40 डिग्री के ऊपर बना रहा।
राजधानी रायपुर में आज सुबह से ही बादलों ने डेरा डाल लिया है। मौसम विभाग के अनुसार, दिनभर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं। शनिवार रात से शहर में ठंडी हवाएं चलनी शुरू हो गई थीं, जिनकी रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक रही। शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग 3.7 डिग्री अधिक था।
पिछले एक सप्ताह से रायपुर भीषण गर्मी की चपेट में है। अधिकतम तापमान लगातार 41 से 44 डिग्री के बीच बना हुआ था। 22 अप्रैल को इस सीजन का सर्वाधिक तापमान 44.4 डिग्री दर्ज किया गया। रात के तापमान में भी बढ़ोतरी देखी गई, जो 27 से 29 डिग्री के बीच रहा, जिससे रातों में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही थी। हालांकि, आज से तापमान में कुछ गिरावट की उम्मीद जताई गई है।