-
साफ-सुथरी वर्दी, विवादों से बचाने के लिए बॉडीवार्न कैमरा और रिफ्लेक्टिव जैकेट पहनना अनिवार्य।
-
बिना हेलमेट, सीट बेल्ट और नशे में वाहन चालकों पर होगी सख्त कार्रवाई।
-
पीक आवर्स में यातायात सुगम बनाए रखने और आमजन से मधुर व्यवहार के निर्देश।
आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल ने पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-6 में यातायात पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों की बैठक आयोजित की। इस बैठक में जिले की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक में यातायात नियमों के पालन को सख्ती से लागू करने और आमजन के साथ सौम्य व्यवहार बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
दुर्ग। बैठक के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी व कर्मचारी समय पर ड्यूटी पर उपस्थित हों तथा साफ-सुथरी वर्दी में रहें। चालानी कार्रवाई करते समय बॉडीवार्न कैमरा अनिवार्य रूप से लगाया जाए और रात के समय रिफ्लेक्टिव जैकेट पहनकर ड्यूटी करें ताकि उनकी उपस्थिति स्पष्ट दिखाई दे।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों — विशेष रूप से बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालक, बिना सीट बेल्ट लगाए चारपहिया वाहन चालक, दोपहिया पर तीन सवारी बैठाने वाले, नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करने वाले, तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय ने चालानी कार्रवाई के दौरान नागरिकों के साथ मधुर एवं संयमित व्यवहार बनाए रखने पर भी जोर दिया। पीक आवर्स के दौरान सुगम यातायात प्रबंधन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में ब्रेथ एनालाइजर उपकरणों के प्रयोग को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि ब्रेथ एनालाइजर की उचित सफाई और स्वच्छता का ध्यान रखा जाए ताकि किसी प्रकार के संक्रमण का खतरा न रहे। अक्सर ब्रेथ एनालाइजर को लेकर विवाद और झूठे ड्रिंक एंड ड्राइव मामलों की शिकायतें सामने आती हैं, इसलिए उपकरणों का नियमित परीक्षण और साफ-सफाई अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।
इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) सुश्री ऋचा मिश्रा, उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री सत्तानंद विंध्यराज, उप पुलिस अधीक्षक (पुलिस लाइन) श्री चंद्र प्रकाश तिवारी सहित सभी यातायात जोन प्रभारी, टैंगो मोबाइल इकाई और प्रधान आरक्षक उपस्थित रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय ने समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा जताई कि वे पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए जिले में यातायात को सुगम, सुरक्षित और अनुशासित बनाएंगे।