बालोद के पसौद गांव में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान, फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक जल चुका था पूरा मकान
बालोद जिले के पसौद गांव में शनिवार को एक किसान के आशियाने में अचानक आग लग गई, जिससे घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। हादसे के वक्त पूरा परिवार खेत में धान काटने गया हुआ था, जिससे जनहानि तो टल गई लेकिन आर्थिक रूप से भारी नुकसान हुआ।
बालोद। गुंडरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम पसौद में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब एक किसान परिवार का घर अचानक आग की चपेट में आ गया। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया।
घटना शाम लगभग 4 बजे की है, जब किसान तोरण साहू और उनके परिवार के सदस्य धान की कटाई करने खेत में गए थे। गांव वालों ने जब घर से धुआं उठता देखा तो तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया था।
गांव वालों की सूचना पर फायर ब्रिगेड शाम 6 बजे मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक घर पूरी तरह जल चुका था। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। मकान के साथ-साथ अनाज, कपड़े, फर्नीचर और जरूरी दस्तावेज सब कुछ आग की भेंट चढ़ गया। गनीमत रही कि घटना के समय कोई घर में नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।