- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दोपहर 3 बजे करेंगे नतीजों की घोषणा
- करीब 5.71 लाख स्टूडेंट्स को मिलेगा परीक्षा परिणाम
- cgbse.nic.in और results.cg.nic.in पर ऑनलाइन देख सकेंगे रिजल्ट
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं का इंतजार कर रहे छात्रों के लिए आज का दिन बेहद खास है। राज्यभर के 5.71 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं का रिजल्ट मंगलवार दोपहर 3 बजे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा जारी किया जाएगा।
रायपुर। छत्तीसगढ़ बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CGBSE) की 10वीं और 12वीं कक्षाओं के नतीजे आज 7 मई को दोपहर 3 बजे घोषित किए जाएंगे। रिजल्ट की घोषणा खुद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर से करेंगे। इस वर्ष 5 लाख 71 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षा दी थी, जो मार्च महीने में आयोजित हुई थी।

परीक्षाओं के मूल्यांकन का कार्य भी मार्च में ही शुरू हुआ और तय समय यानी 17 अप्रैल तक पूरा कर लिया गया। प्रदेशभर में इसके लिए 36 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए थे। छात्र अपना रिजल्ट CGBSE की आधिकारिक वेबसाइट cgbse.nic.in और results.cg.nic.in पर जाकर रोल नंबर और अन्य जरूरी विवरण डालकर देख सकेंगे।
गौरतलब है कि कोरोना महामारी के कारण वर्ष 2021 में बोर्ड परीक्षाएं प्रभावित रही थीं। उस दौरान 10वीं के नतीजे असाइनमेंट के आधार पर और 12वीं की परीक्षा घर से ऑनलाइन मोड में कराई गई थी। बीते कुछ वर्षों में बोर्ड परीक्षाओं में सफलता दर में निरंतर सुधार देखा गया है। पिछले साल 10वीं के नतीजों में 75.61 प्रतिशत छात्र पास हुए थे। पिछले छह वर्षों में 10वीं का पास प्रतिशत 7.41% और 12वीं का 2.31% तक बढ़ा है। इस वर्ष भी अच्छे नतीजों की उम्मीद की जा रही है।